रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच का सामना कर रहे हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को फिलहाल जेल में रहना होगा। शनिवार को रायपुर की विशेष PMLA अदालत में पेशी के बाद कोर्ट ने उसे 10 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। हिमांशु की ED कस्टडी रिमांड 28 नवंबर को पूरी हो गई थी। इसके बाद जांच एजेंसी ने उससे आगे पूछताछ के लिए रिमांड नहीं मांगी।
इस मामले में ED ने अदालत से 14 दिनों की न्यायिक हिरासत की मांग की थी। कोर्ट के आदेश के बाद आरोपी को रायपुर सेंट्रल जेल भेज दिया गया। हिमांशु पर महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से कथित तौर पर केस खत्म कराने के नाम पर 15 करोड़ रुपये लेने का आरोप है।
15 करोड़ लेने के आरोप को हिमांशु ने नकारा
ED की कार्रवाई के बीच हिमांशु शेखर ने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया है। उसका कहना है कि उसने सौरभ चंद्राकर से किसी तरह की रकम नहीं ली। उसने एजेंसी के सामने भी कथित लेन-देन से इनकार किया है।
हिमांशु का दावा है कि ED के पास 15 करोड़ रुपये के लेन-देन को साबित करने वाला कोई ठोस सबूत नहीं है। पूछताछ के दौरान उसने जांच अधिकारियों के सभी सवालों के जवाब देने की बात भी कही है।
बचाव पक्ष ने कोर्ट में उठाया सबूतों का सवाल
अदालत में सुनवाई के दौरान हिमांशु के वकील फैजल रिजवी ने ED के आरोपों पर सवाल खड़े किए। बचाव पक्ष का कहना था कि सौरभ चंद्राकर से 15 करोड़ रुपये लेने के दावे को साबित करने के लिए कोई बैंक ट्रांजेक्शन या अन्य ठोस साक्ष्य सामने नहीं रखा गया है।
वकील ने कोर्ट को यह भी बताया कि हिमांशु किसी बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में पंजीकृत नहीं है, बल्कि वह एक लॉ फर्म में काम करता है। बचाव पक्ष ने कथित रकम के लेन-देन को लेकर एजेंसी के दावों को चुनौती दी।
जेल में जान का खतरा बताया, सुरक्षा देने के निर्देश
न्यायिक हिरासत में भेजे जाने से पहले हिमांशु ने अदालत के सामने अपनी जान को खतरा होने की बात रखी। उसने जेल के भीतर सुरक्षा मुहैया कराने के लिए आवेदन भी दिया।
इस पर कोर्ट ने जेल प्रशासन को निर्देश दिया कि जेल के निर्धारित नियमों के अनुसार उसकी सुरक्षा का ध्यान रखा जाए। आदेश के बाद उसे न्यायिक हिरासत में सेंट्रल जेल भेज दिया गया।
जज और अधिकारियों को मैनेज कराने का दिया था भरोसा, ED की जांच
जांच एजेंसी के मुताबिक, हिमांशु पर आरोप है कि उसने महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से केस रफा-दफा कराने के नाम पर 15 करोड़ रुपये लिए थे। आरोप है कि उसने इस काम के लिए जजों और अधिकारियों को मैनेज करने का भरोसा दिलाया था।
ED इस कथित लेन-देन के अलावा दुबई में हिमांशु और सौरभ चंद्राकर के बीच हुई मुलाकातों की भी पड़ताल कर रही है। बताया गया है कि सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान एजेंसी को हिमांशु के बारे में जानकारी मिली थी।
इसके बाद ED ने उसे मुंबई एयरपोर्ट पर रोका। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तारी की गई। बाद में बॉम्बे हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद एजेंसी ने उसे दोबारा गिरफ्तार कर रायपुर लाकर पूछताछ शुरू की थी।
म्यूजिक इंडस्ट्री में भी रहा है हिमांशु का नाम
हिमांशु शेखर की पहचान केवल कानूनी कामकाज तक सीमित नहीं रही है। वह उद्यमी, गीतकार और म्यूजिक लेबल के संस्थापक के तौर पर भी काम कर चुका है।
अपनी पूर्व साझेदार मनप्रीत कौर के साथ उसने शुरुआत में कंटेंट क्रिएशन के क्षेत्र में काम किया। इसके बाद म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा। वह OSM Records के अलावा Yesya Media Pvt. Ltd. से भी जुड़ा रहा है।
Yesya Media का राजस्व एक साल में 52 लाख से बढ़कर 15 करोड़
ED के आवेदन में दर्ज जानकारी के मुताबिक, 31 मार्च 2025 तक Yesya Media Pvt. Ltd. में हिमांशु शेखर की 75 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
कंपनी के वित्तीय आंकड़ों के अनुसार, साल 2022-23 में उसका राजस्व 52.66 लाख रुपये था। वहीं, 2023-24 में यह बढ़कर 15.55 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
ED ने कंपनी के राजस्व में हुई इस बढ़ोतरी और इसी अवधि में महादेव बुक के प्रमोटर्स से कथित तौर पर रकम मिलने के बीच संबंध की जांच की है।
फिलहाल हिमांशु शेखर को 10 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में रहना होगा। दूसरी ओर, ED महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में कथित वित्तीय लेन-देन और उससे जुड़े लोगों की भूमिका की जांच आगे बढ़ा रही है। अदालत में आरोपों की पुष्टि होना अभी बाकी है।