विनोद मिश्रा,छतरपुर : मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के मातगुंवा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपौरा गांव में दहेज प्रताड़ना का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता ने आरोप लगाया है कि उसके पति और सास ने मिलकर रात्रि में सोते समय उसके बाल कैंची से काट दिए और विरोध करने पर बेरहमी से मारपीट की।
दहेज के लिए प्रताड़ित
जानकारी के अनुसार पिपौरा निवासी मनीषा अहिरवार का विवाह लॉकडाउन के दौरान टीकमगढ़ जिले के भानपुरा निवासी फूलचंद अहिरवार के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ था। पीड़िता के पिता हरदयाल अहिरवार ने बताया कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर मनीषा को प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि पति, सास व अन्य परिजन आए दिन मारपीट करते थे और मायके आने-जाने पर भी रोक लगा दी गई थी।
सोते समय काटे बाल
मनीषा का कहना है कि घटना वाली रात वह सो रही थी, तभी पति फूलचंद और सास वती ने मिलकर उसके बाल काट दिए। शोर मचाने पर उसके साथ मारपीट की गई। चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग पहुंचे, जिसके बाद मायके पक्ष को सूचना दी गई। परिजन उसे ससुराल से मायके लेकर आए।
पीड़िता ने दिया आवेदन
पीड़िता ने मातागुंवा थाने में शिकायती आवेदन देकर जान का खतरा बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। उसका कहना है कि वह अपने बच्चों के साथ सम्मानपूर्वक जीवन जीना चाहती है और उसे न्याय चाहिए। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।