Rewa Accident: मध्यप्रदेश के रीवा शहर से बुधवार अलसुबह एक विचलित करने वाली खबर सामने आई है। यहां के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रही जैन समाज की तीन महिला धर्मगुरुओं (साध्वियों) को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में एक साध्वी 'श्रुतमति माताजी' की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके साथ चल रही दो अन्य आर्यिका माताएं गंभीर रूप से घायल हैं। इस हादसे के बाद से पूरे जैन समाज और शहर में शोक की लहर दौड़ गई है।
दैनिक शौच क्रिया के लिए जा रही थीं साध्वियां
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना बुधवार सुबह करीब 5:40 बजे पुलिस कंट्रोल रूम के ठीक सामने घटित हुई। जैन समाज के विशेष आमंत्रण और आग्रह पर ये तीनों महिला धर्मगुरु पिछले तीन महीनों से रीवा के कटरा स्थित जैन मंदिर में रुकी हुई थीं। सुबह के समय तीनों साध्वियां कटरा जैन मंदिर से झिरिया की ओर दैनिक शौच क्रिया के लिए पैदल जा रही थीं। जैसे ही वे सड़क पार करने लगीं, तभी अचानक अत्यधिक गति से आ रही एक कार ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया।
एक की मौके पर मौत, दो अस्पताल भर्ती
टक्कर इतनी भयानक थी कि सागर की रहने वाली पूज्य 'श्रुतमति माताजी' ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल हुईं तमिलनाडु की 'उपसम मति माताजी' और जबलपुर की 'आर्यिका माताजी' को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से रीवा के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका गहन उपचार कर रही है।
कलेक्टर-एसपी पहुंचे अस्पताल, आरोपी गिरफ्तार
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए जिले का पूरा प्रशासनिक अमला तुरंत सक्रिय हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही रीवा संभागायुक्त बी.एस. जामोद, कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और एसपी गुरुकरण सिंह दलबल के साथ सीधे संजय गांधी अस्पताल पहुंचे। आला अधिकारियों ने घायलों के इलाज की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और डॉक्टरों को त्वरित व बेहतर इलाज मुहैया कराने के कड़े निर्देश दिए।
दूसरी ओर, हादसे के तुरंत बाद कार चालक वाहन सहित मौके से बड़ी बेरहमी से फरार हो गया था। रीवा पुलिस ने तत्काल पड़ोसी जिलों को अलर्ट भेजा, जिसके बाद घेराबंदी कर आरोपी ड्राइवर को जबलपुर के समीप से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को भी जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।