रायपुर: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिनों के छत्तीसगढ़ प्रवास पर आज रात को रायपुर पहुंचेंगे। यहां पर रात्रि विश्राम करने के बाद वे कल को बस्तर जाएंगे। वहां पर कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद जगदलपुर से ही बीएसएफ के विशेष विमान से दिल्ली लौट जाएंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक शाह शुक्रवार की शाम को 05:45 बजे चंडीगढ़ से रायपुर के लिए बीएसएफ के विशेष विमान ने उड़ान भरेंगे। वे रात को 8.00 बजे रायपुर विमान तल पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश के अन्य मंत्रियों के साथ भाजपा के नेता उनका स्वागत करेंगे। विमानतल से शाह होटल मेफेयर जाएंगे और यहां पर रात्रि विश्राम करेंगे।
बस्तर के कार्यक्रम:
जानकारी के मुताबिक शाह कल शनिवार को 11: 20 बजे रायपुर के माना एयरपोर्ट से बीएसएफ के विशेष विमान से जगदलपुर के लिए रवाना होंगे। जगदलपुर पहुंचने के बाद वह जगदलपुर के मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे। इसके बाद वे 12:35 से 01:20 तक मुरिया दरबार के कार्यक्रम में शामिल होंगे। 01:25 से 02:30 बजे लाल बाग में प्रदर्शनी का अवलोकन करने के साथ यहां पर कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के बाद भोजन करेंगे और फिर 3.10 बजे दोपहर को बीएसएफ के विशेष विमान से वापस लौट जाएंगे।
डीजी-आईजीपी कॉन्फ्रेंस:
इसके अलावा छत्तीसगढ़ में पहली बार नवंबर में डीजी कांफ्रेस होगी। 28 से 30 नवंबर तक चलने वाली इस कांफ्रेंस की खास बात यह है कि 28 को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कांफ्रेस के पहले दिन हिस्सा लेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 नवंबर को समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। बता दें कि, यह देश की 60वीं अखिल भारतीय डीजी, आईजीपी कॉन्फ्रेंस यहां होगी। ये कार्यक्रम 28 से 30 नवंबर तक नवा रायपुर स्थित आईआईएम कैंपस में प्रस्तावित है।
सुरक्षा से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा:
कांफ्रेस में देशभर के सभी राज्यों के पुलिस प्रमुख, नक्सल ऑपरेशन से जुड़े अधिकारी, केंद्रीय सुरक्षा बलों और गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। सम्मेलन में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। इसमें नक्सलवाद, पूर्वोत्तर राज्यों की सुरक्षा चुनौतियां आंतरिक सुरक्षा, सामाजिक अशांति और सूखे नशे के खिलाफ रणनीति, सीमा प्रबंधन और साइबर अपराध पर विचार-विमर्श किया जाएगा।