Greece Boat Accident: ग्रीस के एजियन सागर में एक दर्दनाक समुद्री दुर्घटना सामने आई है। चियोस द्वीप (Chios Island) के नजदीक तुर्की से ग्रीस की ओर आ रही प्रवासियों की एक छोटी नाव ग्रीक कोस्ट गार्ड (तटरक्षक बल) के गश्ती जहाज से टकरा गई। इस हादसे में अब तक 14 प्रवासियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई लोगों के अब भी लापता होने की आशंका बनी हुई है।
कैसे हुआ Greece Boat Accident:
ग्रीक तटरक्षक बल के अनुसार, नियमित गश्त के दौरान उन्हें एक संदिग्ध नाव चियोस द्वीप की ओर बढ़ती दिखाई दी। जब नाव को रोकने और दिशा बदलने का संकेत दिया गया, तो कथित तौर पर मानव तस्करों ने नाव का रुख अचानक गश्ती पोत की ओर मोड़ दिया। इसी दौरान दोनों जहाजों के बीच तेज टक्कर हो गई। हालांकि, अधिकारियों का यह दावा अभी जांच के दायरे में है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक जांच जारी है।
रेस्क्यू ऑपरेशन में बचाए गए 24 लोग:
हादसे के तुरंत बाद सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। अब तक 24 प्रवासियों को सुरक्षित समुद्र से बाहर निकाला जा चुका है। टक्कर के दौरान ग्रीक कोस्ट गार्ड के दो जवान भी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नाव में थे 30 से ज्यादा लोग:
प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रवासियों की नाव में 30 से 35 लोग सवार थे। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि कई लोग अब भी समुद्र में लापता हो सकते हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए तटरक्षक जहाजों के साथ-साथ निजी नौकाएं, गोताखोर और हेलिकॉप्टर भी अभियान में लगाए गए हैं।
प्रवासियों की पहचान अभी नहीं:
फिलहाल मृतकों और बचे लोगों की राष्ट्रीयता का खुलासा नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि ये सभी प्रवासी अवैध तरीके से तुर्की से ग्रीस के रास्ते यूरोप में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे।