सादिक अली, पचमढ़ी: मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थल पचमढ़ी में सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक होटल में अचानक गैस सिलेंडर विस्फोट हो गया। सिविल एरिया थाना क्षेत्र स्थित पांडव रिट्रीट होटल में हुए इस हादसे में पांच पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है।
होटल का हिस्सा क्षतिग्रस्त
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार विस्फोट इतना तेज था कि होटल का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और होटल में मौजूद लोग बाहर की ओर भागते नजर आए।
5 टूरिस्ट घायल
बताया जा रहा है कि घायलों को तुरंत उपचार दिया गया, जिसके बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों में से एक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जबकि अन्य का इलाज जारी है।
घायलों में 4 महाराष्ट्र के
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत निकाला गया। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पचमढ़ी से पिपरिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। हादसे में झुलसने वालों में महाराष्ट्र के पर्यटक परिवार के 4 सदस्य है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने होटल स्टाफ से पूछताछ शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि विस्फोट गैस रिसाव के कारण हुआ या किसी अन्य तकनीकी चूक से। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच जारी है और होटल परिसर को खाली करा लिया गया है।