उज्जैन : विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल के दर्शन के लिए आए दिन देश दुनिया भर से भक्त उज्जैन पहुंचते है। इसी कड़ी में आज मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती भी महाकाल के दर्शन के लिए पहुंची और विधि विधान से पूजा अर्चना कर बाबा का आशीर्वाद लिया।
नंदी हॉल में बैठकर लगाया ध्यान
उमा भर्ती सोमवार दोपहर उज्जैन पहुंची और गर्भगृह से बाबा महाकाल का पूजन अभिषेक किया। इसके बाद उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर बाबा का ध्यान लगाया और आशीर्वाद लिया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री पूरी तरह से भक्ति में लीन नजर आई।
देश-प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना
इसके बाद उमा भारती ने नंदी के कानों में अपनी मनोकामना कही और देश-प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान उमा भारती ने महाकाल मंदिर की दर्शन व्यवस्था की तारीफ करते हुए कहा कि जब भी वह यहां आती हैं, व्यवस्थाएं पहले से बेहतर नजर आती हैं। हालांकि, उन्होंने पूर्व में नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के दौरान हुए हादसे का भी जिक्र किया। साथ ही सागर शराबकांड पर भी प्रतिक्रिया दी।
सागर शराब कांड पर जताया दुख
सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों पर उमा भारती ने गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं शराब के सख्त खिलाफ हैं, लेकिन अवैध शराब की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए केवल पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि सरपंच से लेकर सांसद तक सभी जनप्रतिनिधियों को इस मामले में सजग रहना होगा। इसके साथ ही समाज को भी अवैध शराब के खिलाफ जागरूक होना पड़ेगा।