धार। मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल धार जिले के लिए 8 सितंबर 2026 का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। जिले के रेल मानचित्र पर पहली बार यात्री ट्रेन सेवा की शुरुआत होने जा रही है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के वडोदरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रतापनगर से टांडा रोड के बीच चलने वाली नई मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
सुबह 11 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम
इस रेल सेवा की शुरुआत के साथ छोटा उदयपुर-धार रेल परियोजना को भी महत्वपूर्ण उपलब्धि मिलेगी। टांडा रोड रेलवे स्टेशन पर स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारियां रेलवे और जिला प्रशासन द्वारा की जा रही हैं। कार्यक्रम सुबह करीब 11 बजे प्रस्तावित है।
बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद
नई ट्रेन सेवा से धार के साथ-साथ अलीराजपुर और जोबट क्षेत्र के लोगों को भी बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है। प्रतापनगर से टांडा रोड के बीच करीब 199 किलोमीटर के रेल मार्ग पर नियमित सेवा शुरू होने से यात्रियों के लिए वडोदरा तक पहुंचना आसान होगा।
लंबे समय से रेल सुविधा का इंतजार
रेल कनेक्टिविटी बढ़ने से क्षेत्र में व्यापार, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को भी गति मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से रेल सुविधा का इंतजार कर रहे स्थानीय लोगों के लिए यह शुरुआत विकास के नए अवसर लेकर आ सकती है।