गौरव शर्मा// रायपुर। रायपुर नगर निगम में कांग्रेस के अंदरूनी विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। आकाश तिवारी को नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने के फैसले के तुरंत बाद कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। इस निर्णय के विरोध में नगर निगम की उपनेता जयश्री नायक सहित कुल 5 पार्षदों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे ने सभापति सूर्यकांत राठौड़ को पत्र भेजकर आकाश तिवारी को नेता प्रतिपक्ष बनाने की जानकारी दी। इस चिट्ठी के जारी होते ही पार्टी के अंदर विरोध के स्वर तेज हो गए। लंबे समय से पार्टी के साथ जुड़े पार्षदों ने नेतृत्व चयन की प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए और विरोधस्वरूप इस्तीफा सौंप दिया।
इस्तीफा देने वाले पार्षदों के नाम इस प्रकार हैं:
जयश्री नायक (उपनेता)
मनीराम साहू
संदीप साहू
रेणु जयंत साहू
रोनिता प्रकाश जगत
इन सभी पार्षदों ने फैसले के विरोध में कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।
कांग्रेस में बढ़ सकती है कलह:
इस घटनाक्रम से रायपुर नगर निगम में कांग्रेस की स्थिति कमजोर होती नजर आ रही है। पार्टी पहले ही स्थानीय स्तर पर गुटबाजी से जूझ रही थी, और अब यह इस्तीफे उसके भीतर के संगठनात्मक असंतुलन को और उजागर कर रहे हैं।