राकेश कुमार, मैहर : मध्य प्रदेश के मैहर जिले से शिक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। करौंदीकाप क्षेत्र की नादन हरिजन बस्ती स्थित शासकीय विद्यालय में पदस्थ शिक्षक धनेंद्र पांडे पर ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में स्कूल पहुंचने के गंभीर आरोप लगे हैं।
स्कूल परिसर में लुढ़के मास्टर जी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शिक्षक नशे में धुत होकर स्कूल परिसर में जमीन पर लुढ़कते नजर आए। इस दौरान विद्यालय में मौजूद बच्चे और कुछ ग्रामीण कुर्सियां लगाकर यह दृश्य देखते रहे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे सरकारी स्कूलों की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
बच्चों का आरोप
वायरल वीडियो में बच्चे खुद शिक्षक के शराब पीकर स्कूल आने की बात कहते दिखाई दे रहे हैं। कुछ बच्चे शिक्षक का बैग चेक करने की बात भी करते नजर आते हैं। इस पूरी घटना से न केवल शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हुआ, बल्कि बच्चों की सुरक्षा और मानसिक स्थिति को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा हो गई है।
अभिभावकों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
घटना सामने आने के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने शिक्षा विभाग से मामले की तत्काल जांच कर दोषी शिक्षक पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं बच्चों के भविष्य और सरकारी स्कूलों की साख को नुकसान पहुंचाती हैं। फिलहाल शिक्षा विभाग की ओर से आधिकारिक कार्रवाई या बयान का इंतजार किया जा रहा है।