Diwali 2025 : इस बार दीपावली पर कई खास योग बन रहे हैं। इसमें शिव वास योग का संयोग बन रहा है। मां चामुण्डा दरबार के पुजारी रामजीवन दुबे ने बताया कि यह संयोग 84 साल बाद बन रहा है। इसके पहले साल 1941 में दिवाली के दिन शिव वास योग का संयोग बना था। गुरु ग्रह अपनी उच्च राशि कर्क में है। इसके साथ ही गुरु की दृष्टि शनि पर रहेगी।
1349 में बना था योग
शनि गुरु की राशि मीन में है। गुरु का उच्च राशि में होना और उसकी शनि पर दृष्टि, शनि का मीन राशि में होना एक शुभ योग है। पुजारी रामजीवन दुबे ने बताया कि ऐसा योग 2025 से 676 साल पहले 20 अक्टूबर 1349 को बना था। उस दिन भी सोमवार ही था। यानि तारीख, वार एक ही था। साथ ही उच्च के गुरु की दृष्टि, गुरु की राशि में शनि है। उच्च के गुरु के साथ, 18 अक्टूबर 2085 को दीपावली मनेगी और गुरु की दृष्टि मीन राशि में स्थित शनि पर रहेगी।
कर्क, वृश्चिक, मकर और मीन के लिए शुभ रहेगा समय
गुरु पुनर्वसु नक्षत्र में रहेगा, इसका स्वामी गुरु ही है और शनि पूर्वाभाद्रपद नक्षत्र में रहेगा, इसका स्वामी भी गुरु ही है। गुरु उच्च राशि कर्क में है, शनि भी गुरु की राशि में है, गुरु की दृष्टि भी शनि पर है। इन शुभ योगों की वजह से देश में व्यापार की स्थिति बहुत मजबूत होगी। शत्रु देशों को बड़ी हानि हो सकती है। सोना और चांदी के दाम बढ़ते रहेंगे। कर्क, वृश्चिक, मकर और मीन राशि वालों को लाभ मिलने की संभावना है।