छतरपुर। ‘हनुमान अंश’ फिल्म की डायरेक्टर अनुप्रिया नागर शनिवार को बागेश्वर धाम पहुंचीं। उन्होंने बागेश्वर बालाजी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि फिल्म को दर्शकों से मिल रहा स्नेह और सफलता भगवान हनुमान के प्रति लोगों की आस्था का परिणाम है।
सेट पर हनुमान चालीसा का पाठ किया जाता था
अनुप्रिया नागर ने बताया कि फिल्म की शूटिंग शुरू होने से पहले सेट पर सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया जाता था। उनके मुताबिक शूटिंग के दौरान कई ऐसे अनुभव सामने आए, जिन्हें उन्होंने हनुमान जी की कृपा और आशीर्वाद से जोड़ा। उन्होंने कहा कि शुरुआत में फिल्म को अपेक्षित दर्शक नहीं मिले, लेकिन धीरे-धीरे दर्शकों का जुड़ाव बढ़ा और कई जगह अतिरिक्त शो तक शुरू करने पड़े।
कहानी घर-घर तक पहुचना उद्देश्य
उन्होंने कहा कि फिल्म बनाने के पीछे उनका उद्देश्य था कि यह कहानी घर-घर तक पहुंचे और बच्चे अपने परिवार के साथ बैठकर इसे देखें। उन्होंने बताया कि दर्शकों का स्नेह मिलने से उनका यह उद्देश्य पूरा हुआ।
बागेश्वर बालाजी की महिमा पर फिल्म बनाने की जताई इच्छा
अनुप्रिया नागर ने भविष्य की योजनाओं को लेकर कहा कि बागेश्वर बालाजी की महिमा पर फिल्म बनाने की इच्छा है। साथ ही, यदि बागेश्वर बालाजी और सन्यासी बाबा की कृपा रही तो बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के जीवन, संघर्ष और उनके कार्यों से जुड़े पहलुओं पर भी फिल्म तैयार करने की योजना है