उज्जैन : पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की प्रस्तावित ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ के शुभारंभ से पहले उज्जैन में विवाद खड़ा हो गया है। यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की अनुमति नहीं मिलने पर महामंडलेश्वर कंप्यूटर बाबा ने संतों के साथ कलेक्टर बंगले का घेराव किया। साथ ही प्रशासन के फैसले पर सवाल उठाते हुए यात्रा के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया।
हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा करने की नही मिली अनुमति
कंप्यूटर बाबा के अनुसार, 20 अक्टूबर विजयादशमी के अवसर पर भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन से अयोध्या तक ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ निकाली जा रही है। यात्रा के शुभारंभ पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा करने के लिए दो दिन पहले प्रशासन से अनुमति मांगी गई थी, लेकिन तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए अनुमति निरस्त कर दी गई।
जानबूझकर अड़चनें पैदा का जा रही
कंप्यूटर बाबा ने सवाल उठाया कि जब सिंहस्थ और भगवान महाकाल की सवारी के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की जाती है, तो सनातन धर्म के सम्मान के लिए निकाली जा रही यात्रा में इसकी अनुमति क्यों नहीं दी जा रही है? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार इस यात्रा से डर रही है और जानबूझकर अड़चनें पैदा कर रही है। बाबा ने दावा किया कि ‘चंदा चोरों, अयोध्या छोड़ो’ के नारे से सरकार बौखलाई हुई है।
सुरक्षा व्यवस्था के चलते नही दी गई अनुमति
वहीं, प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था और हवाई क्षेत्र से जुड़ी अनुमति संबंधी कारणों का हवाला देते हुए पुष्प वर्षा की अनुमति नहीं दिए जाने की बात कही गई है।
कल सुबह 10 बजे से शुरू होगी यात्रा
‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ 20 अक्टूबर को विजयादशमी पर उज्जैन से शुरू होगी। भगवान महाकाल के दर्शन के बाद यात्रा की शुरुआत की जाएगी। इसके तहत सुबह 8 बजे नृसिंह घाट के पास बालाजी गार्डन में पार्थिव शिवलिंग निर्माण का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके बाद यात्रा ओरछा स्थित रामराजा मंदिर होते हुए अयोध्या में रामलला के दर्शन तक पहुंचेगी। यात्रा को लेकर तैयारियां जारी हैं।