भोपाल :मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मेट्रो शुरू होने में महज कुछ घंटों का समय शेष बचा है। जिसका उद्घाटन कल यानि की 20 दिसंबर को केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर और सीएम मोहन करेंगे। मेट्रो में सफर करने के लिए लोग जहां बेताब है, तो वही मेट्रो रेल कार्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक (मडी) एस. कृष्ण चैतन्य ने यात्रा को लेकर शिड्यूल और किराया जारी कर दिया है।
पहले दिन से ही लगेगा किराया
मेट्रो में पहले दिन से ही सफर करने के लिए यात्रियों को किराया चुकाना होगा। जानकारी के अनुसार, 1 से 2 स्टेशनों तक यात्रा पर यात्रियों को 20 रुपये शुल्क चुकाने होंगे, जबकि 3 से 5 स्टेशनों तक किराया 30 रुपये लिया जायेगा और 6 से 8 स्टेशनों तक सफर के लिए 40 रुपये शुल्क देने होंगे। फिलहाल यात्रियों को मैन्युअली ही टिकट लेने होंगे। उसके बाद ऑनलाइन सुविधा शुरू की जाएगी।
महिलाओं के लिए अलग से कोई कोच निर्धारित नही
फ़िलहाल भोपाल मेट्रो में महिलाओं के लिए अलग से कोई कोच निर्धारित नहीं किया गया है। लेकिन जल्द ही यह सुविधा भी शुरू की जाएगी। एम्स मेट्रो स्टेशन से 9 मेट्रो और सुभाष नगर से एम्स मेट्रो स्टेशन के बीच 8 मेट्रो ट्रेन चलाई जाएंगी। तीन कोच वाली प्रत्येक मेट्रो में एक कोच में करीब 200-250 यात्री सफर कर सकेंगे। मेट्रो ट्रेन एक दिन में कुल 17 फेरे लगाएंगी।
भोपाल मेट्रो आधुनिक सुविधाओं से लैस
भोपाल मेट्रो आधुनिक सुविधाओं से लैस है। सभी स्टेशनों पर हाई-स्पीड लिफ्ट और एस्केलेटर, दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर सुविधा और ब्रेल साइनेज उपलब्ध हैं। सुरक्षा के लिए AI आधारित सीसीटीवी, प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर और अत्याधुनिक सिग्नलिंग सिस्टम लगाए गए हैं। मेट्रो कोच पूरी तरह एयरकंडीशन्ड हैं, जिनमें आरामदायक सीटिंग और मोबाइल चार्जिंग की सुविधा दी गई है।
संचालन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक होगा
भोपाल मेट्रो परियोजना का काम वर्ष 2018 में शुरू हुआ था। अक्टूबर 2023 में पहला ट्रायल रन हुआ था। अधिकारियों के मुताबिक, भविष्य में बिना ड्राइवर मेट्रो चलाने की भी योजना है। फ़िलहाल भोपाल मेट्रो के लिए 8 स्टेशन बनाई गई है। इनमें एम्स, अलकापुरी, डीआरएम ऑफिस, रानी कमलापति स्टेशन, एमपी नगर, बोर्ड ऑफिस चौराहा, केंद्रीय विद्यालय और सुभाष नगर शामिल हैं। जिसका संचालन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक होगा।
यह रहेगी समय सारिणी
- एम्स मेट्रो स्टेशन से पहली मेट्रो ट्रेन सुबह 9 बजे निकलेगी। जो सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन सुबह 9.25 बजे पर पहुंचेगी।
- एम्स मेट्रो स्टेशन से आखिरी मेट्रो टेन शाम 7 बजे निकलेगी। जो सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन शाम 7.25 बजे पर पहुंचेगी।
- सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन से पहली मेट्रो ट्रेन सुबह 9.40 बजे निकलेगी। जो एम्स मेट्रो स्टेशन सुबह 10.05 बजे पहुंचेगी।
- सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन से आखिरी मेट्रो ट्रेन शाम 6.25 बजे निकलेगी। जो एम्स मेट्रो स्टेशन शाम 6.50 बजे पहुंचेगी।