ग्वालियर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे सेवा-संकल्प अभियान के तहत ग्वालियर में भी रक्तदान का आयोजन किया गया। जिसमे सहयोग देने के लिए कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान जिला चिकित्सालय मुरार पहुंची और रक्तदान कर मानवता की सेवा का प्रेरक संदेश दिया।
आयोजन का उद्देश्य लोगों को जागरूक करना
कलेक्टर के इस प्रयास का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए आगे आने का संदेश देना रहा। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक ऐसा सामाजिक कार्य है, जिसके जरिए किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
शासकीय सेवकों से की रक्तदान की अपील
रुचिका चौहान ने शासकीय सेवकों से भी रक्तदान अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को मानव सेवा के ऐसे कार्यों में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
जरूरत के समय रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित
कलेक्टर के रक्तदान से स्वास्थ्यकर्मियों और अभियान से जुड़े लोगों में भी उत्साह देखा गया। सेवा-संकल्प अभियान के माध्यम से प्रशासन की ओर से लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि अस्पतालों में जरूरत के समय रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग मिल सके। प्रशासन ने नागरिकों से भी स्वेच्छा से रक्तदान कर इस सामाजिक पहल का हिस्सा बनने की अपील की है।