Sidhi News : सीधी दौरे के दौरान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का सख्त रुख देखने को मिला। दौरे के बाद मिली शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री ने कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी को पद से हटा दिया। साथ ही जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक पीएस धनवाल को भी हटाने का निर्णय लिया गया।
शिकायतों के बाद तत्काल एक्शन
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर के खिलाफ कई शिकायतें कीं। आरोप था कि कलेक्टर अपने चेंबर में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते, जिससे आम नागरिकों को मिलने में कठिनाई होती है। इसके अलावा सम्राट चौक क्षेत्र में बन रहे डीजे प्लाजा को लेकर मकान गिराने से जुड़े मामलों पर भी नाराजगी जताई गई।
औचक दौरे से मचा हड़कंप
सीएम के अचानक दौरे की खबर से प्रशासनिक अमले में पहले ही हड़कंप मच गया था। जैसे ही मुख्यमंत्री सर्किट हाउस पहुंचे, शिकायतों का सिलसिला शुरू हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने मौके पर ही स्थिति का जायजा लिया और संबंधित लोगों से चर्चा की।
सीएम का सख्त संदेश
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने स्पष्ट कहा कि जिन अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है, यदि वे उसका सही निर्वहन नहीं कर पा रहे हैं, तो उन्हें पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है। उन्होंने संकेत दिए थे कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होगी।
सोशल मीडिया पर दी जानकारी
मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक फेसबुक पोस्ट के माध्यम से इस कार्रवाई की जानकारी साझा की, जिसके बाद प्रशासनिक हलकों में इस फैसले को लेकर चर्चा तेज हो गई।