MP Morning News : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का दिल्ली दौरा कई मायनों में अहम माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, राजधानी में उनका कार्यक्रम केवल औपचारिक नहीं बल्कि रणनीतिक बैठकों पर केंद्रित है। संभावना है कि वे कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करें।
निगम मंडलों पर चर्चा संभव
दिल्ली प्रवास के दौरान सीएम स्थानीय कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे। साथ ही प्रदेश में निगम-मंडल नियुक्तियों को लेकर मंथन हो सकता है। कृषि वर्ष 2025-26 की तैयारियों को लेकर केंद्र के साथ समन्वय स्थापित करना इस दौरे की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल बताया जा रहा है।
होली से पहले आंधी-बारिश की संभावना
मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के प्रभाव से ग्वालियर-चंबल संभाग सहित कई हिस्सों में मौसम बदला हुआ नजर आ रहा है। फरवरी महीने में चौथी बार प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में आंधी और बारिश की स्थिति बनी है।
इस बीच तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। प्रदेश का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि खरगोन सबसे गर्म शहर के रूप में दर्ज किया गया। कई इलाकों में ओलावृष्टि और बारिश से फसलों को नुकसान की खबरें सामने आई हैं। हालांकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है।
ईरानी डेरे को डीसीपी की चेतावनी
निशातपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए ईरानी समुदाय के लोगों के साथ बैठक की। इस दौरान डीसीपी मयूर खंडेलवाल ने स्पष्ट किया कि पुलिस कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सहयोग की अपील
डीसीपी ने अपराधियों को पकड़ने में सहयोग की अपील करते हुए चेतावनी दी कि सरकारी कार्य में व्यवधान डालने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अवैध गतिविधियों को तत्काल बंद करने और इनामी फरार आरोपियों को शरण न देने की भी हिदायत दी गई।
डेरे के लोगों से संवाद
पुलिस ने अमन कॉलोनी में पैदल मार्च कर लोगों से संवाद किया। आम नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं और सामान्य जीवन जी रहे परिवारों को आश्वस्त किया गया कि रेड के दौरान अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाएगा। बच्चों को सही दिशा में मार्गदर्शन देने पर भी विशेष जोर दिया गया। बता दें कि बीते महीनों पहले ईरानी डेरे पर की गई बड़ी कार्रवाई में करोड़ों रुपये की बरामदगी हुई थी, जिसके बाद पुलिस की निगरानी और सख्त हो गई है।