Ujjain Ayurveda AIIMS : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन स्थित कालिदास अकादमी परिसर में 1133.67 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी जलावर्धन परियोजना का भूमि पूजन किया। इसके साथ ही 47.23 करोड़ रुपये के अन्य विकास कार्यों का भी शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उज्जैन के समग्र विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
विश्वस्तरीय होगा सिंहस्थ
सीएम मोहन यादव ने कहा कि वर्ष 2028 में होने वाला सिंहस्थ महाकुंभ विश्वस्तरीय आयोजन होगा और इसकी तैयारियां अभी से की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि हरियाखेड़ी योजना के माध्यम से पेयजल प्रबंधन को सुदृढ़ किया जा रहा है, जिससे नगर में जल सप्लाई की समस्या समाप्त होगी। शहर को 17 नई पानी की टंकियां मिलने जा रही हैं।
उज्जैन में बनेगा गीता भवन
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन में रेडीमेड गारमेंट उद्योग के माध्यम से 5000 से अधिक महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। इसके अलावा 1200 लोगों की क्षमता वाला भव्य गीता भवन भी उज्जैन में बनाया जाएगा, जो प्रदेश का सबसे बड़ा गीता भवन होगा। उन्होंने सांदीपनि आश्रम के विकास की भी घोषणा की और कहा कि उज्जैन को शराब मुक्त नगर बनाया गया है। प्रदेश के सभी धार्मिक नगरों में शराबबंदी लागू की गई है, जिससे माताओं-बहनों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
उज्जैन में आयुर्वेद एम्स की घोषणा
सीएम ने उज्जैन को महानगर बनाने की दिशा में तेजी से कार्य करने की बात कही। साथ ही उज्जैन में आयुर्वेद एम्स खोले जाने की घोषणा भी की। उन्होंने बताया कि देश में प्रस्तावित तीन मेडिकल कॉलेजों में से एक उज्जैन में स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन का विकास धार्मिक, सांस्कृतिक और औद्योगिक दृष्टि से नए आयाम स्थापित करेगा।