छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित पटवारी से राजस्व निरीक्षक (RI) पदोन्नति परीक्षा पेपर लीक मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW-ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उन्हें 8 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया है। अब जांच एजेंसी आरोपियों से पूछताछ कर पेपर लीक के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्यप्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले वीर सिंह जाटव (35) और अरविंद जाटव (41) के रूप में हुई है। दोनों भिंड जिले के उमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घना की गड़िया के निवासी हैं। EOW-ACB ने 16 नवंबर 2026 को दोनों को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम से संबंधित विशेष न्यायालय, रायपुर में पेश किया था। अदालत ने आरोपियों को 23 नवंबर 2026 तक पुलिस रिमांड पर रखने की अनुमति दी है।
परीक्षा से पहले ही अभ्यर्थियों तक पहुंच गया था पेपर
EOW-ACB की जांच में सामने आया है कि 7 जनवरी 2024 को पटवारियों को राजस्व निरीक्षक प्रशिक्षण के लिए चयनित करने के उद्देश्य से विभागीय परीक्षा आयोजित की गई थी। इस परीक्षा का आयोजन परीक्षा आयुक्त, भू-अभिलेख की ओर से किया गया था। परीक्षा परिणाम के आधार पर कुल 216 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था।
हालांकि, परीक्षा में अनियमितताओं और गड़बड़ी की शिकायतें सामने आने के बाद राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई। जांच रिपोर्ट के आधार पर सामान्य प्रशासन विभाग ने पूरे प्रकरण की जांच EOW-ACB को सौंप दी। प्रारंभिक जांच में गंभीर अनियमितताओं के तथ्य मिलने के बाद ब्यूरो ने अपराध दर्ज कर विस्तृत विवेचना शुरू की।
प्रिंटिंग कमेटी से जुड़े व्यक्ति के साथ मिलकर रची साजिश
जांच एजेंसी के मुताबिक, वीर सिंह जाटव और अरविंद जाटव ने प्रश्नपत्र मुद्रण समिति से जुड़े सह-आरोपी वीरेन्द्र जाटव के साथ मिलकर पेपर लीक की साजिश रची थी। आरोप है कि परीक्षा की गोपनीयता को भंग करते हुए निर्धारित तारीख से पहले ही प्रश्नपत्र हासिल कर लिया गया और उसे परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों तक पहुंचाया गया।
इस पूरे खेल में अभ्यर्थियों को लीक प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के बदले उनसे मोटी रकम वसूले जाने का भी आरोप है। EOW अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल थे और पेपर लीक के बदले कितनी रकम का लेन-देन हुआ था।
पहचान परेड में पटवारियों ने आरोपियों को पहचाना
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी से पहले 15 नवंबर 2026 को कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में पहचान परेड कराई गई थी। इस दौरान परीक्षा में शामिल हुए संबंधित पटवारियों ने वीर सिंह जाटव और अरविंद जाटव की पहचान की।
पटवारियों ने आरोपियों को प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने, लीक हुए पेपर से तैयारी के लिए ठिकाने की व्यवस्था करने और अभ्यर्थियों से अवैध रूप से पैसे वसूलने वाले व्यक्तियों के रूप में पहचाना। पहचान परेड और जांच में मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर EOW-ACB ने दोनों को गिरफ्तार किया।
भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी समेत इन धाराओं में केस दर्ज
इस मामले में आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7(सी) और भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 420, 467, 468, 471 और 120-बी के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
फिलहाल दोनों आरोपी EOW-ACB की पुलिस रिमांड पर हैं। जांच एजेंसी उनसे पूछताछ कर पेपर लीक की पूरी कड़ी, इसमें शामिल अन्य संदिग्धों और अभ्यर्थियों से वसूली गई रकम का पता लगाने का प्रयास कर रही है। माना जा रहा है कि पूछताछ में इस मामले से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल प्रकरण की विवेचना जारी है।