उज्जैन : महाकाल दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सूचना, श्री महाकालेश्वर मंदिर में 27 अक्टूबर से तीन आरतियों के समय में बदलाव कर दिया गया है। जिसके चलते अब दद्योदक और भोग आरती आधे घंटे देरी से होगी। जबकि संध्या आरती आधे घंटे पहले होगी। हालांकि भस्म आरती और शयन आरती के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
भोग और संध्या आरती के समय में परिवर्तन
नई व्यवस्था के तहत दद्योदक आरती सुबह 7 बजे के स्थान पर 7:30 बजे होगी। जबकि भोग आरती का समय सुबह 10 बजे से बढ़ाकर 10:30 बजे किया जाएगा। इसके साथ ही संध्या आरती शाम 7 बजे के बजाय 6:30 बजे शुरू होगी. हालांकि, भस्म आरती और शयन आरती के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। भस्म आरती पहले की तरह तड़के 4 से सुबह 6 बजे तक होगी, जबकि शयन आरती रात 10:30 से 11 बजे तक अपने निर्धारित समय पर संपन्न होगी।
समय-सारणी होली तक रहेगी जारी
यह समय-सारणी कार्तिक कृष्ण प्रतिपदा से लागू होकर होली तक जारी रहेगी. ऐसे में मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन की योजना नए समय के अनुसार बनानी होगी। इसके साथ ही ठंड शुरू होने के चलते बाबा महाकाल को गर्म पानी से स्नान कराने की व्यवस्था भी शुरू की जाएगी।