MP Bus Strike : होली से ठीक दो दिन पहले प्रदेश में बस सेवाएं ठप होने की आशंका जताई जा रही है। नई परिवहन नीति के विरोध में मध्यप्रदेश के बस ऑपरेटर्स ने 2 मार्च से हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। यदि हड़ताल होती है तो रोजाना यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों पर इसका सीधा असर पड़ेगा।
नई परिवहन नीति से परेशान बस संचालक
बस संचालकों का कहना है कि नई परिवहन नीति में ऐसे प्रावधान किए गए हैं, जिससे निजी बस ऑपरेटरों पर अनावश्यक नियंत्रण बढ़ेगा। उनका आरोप है कि नीति के जरिए प्रशासनिक हस्तक्षेप और शर्तें कड़ी कर दी गई हैं, जिससे संचालन लागत बढ़ेगी और छोटे ऑपरेटरों पर आर्थिक दबाव पड़ेगा।
अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
ऑपरेटर्स का कहना है कि उन्होंने शासन को अपनी आपत्तियों से अवगत करा दिया है, लेकिन यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 2 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। परिवहन व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति में होली के दौरान घर जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। फिलहाल सरकार और बस ऑपरेटर्स के बीच किसी संभावित वार्ता पर सबकी नजरें टिकी हैं।
परिवहन मंत्री का बयान
बसों की हड़ताल पर परिवहन मंत्री उदयप्रताप सिंह ने अपने एक बयान में कहा है कि हमने बस संचालकों को संदेश भेजा है। होली पर नागरिकों को कोई दिक्कत नहीं होगी। नई नीति बस संचालकों के हित में है।