दिल्ली में आयोजित AI समिट 2026 के दौरान हुए हंगामे ने अब देश की राजनीति में तीखा मोड़ ले लिया है। यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के बाद बीजेपी ने कांग्रेस के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाते हुए देशभर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। शनिवार को दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात और जम्मू-कश्मीर में बीजेपी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और कांग्रेस पर अंतरराष्ट्रीय मंच को बदनाम करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस मुख्यालय के बाहर BJP का जोरदार प्रदर्शन
दिल्ली में कांग्रेस कार्यालय के बाहर बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों के हाथों में “देशद्रोही राहुल गांधी माफी मांगो” जैसे पोस्टर नजर आए। हालात को काबू में रखने के लिए दिल्ली पुलिस ने अकबर रोड पर दो स्तर की बैरिकेडिंग की, लेकिन गुस्साए कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़ दिए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई बीजेपी कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी, बयानबाजी तेज
इस विरोध प्रदर्शन में दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष विनोद सचदेवा और सांसद मनोज तिवारी भी शामिल हुए। मीडिया से बातचीत में मनोज तिवारी ने कहा कि AI समिट में 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे और भारत की पहल की सराहना हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जानबूझकर इस वैश्विक आयोजन को बदनाम करने की कोशिश की है। तिवारी ने यूथ कांग्रेस के विरोध को देशविरोधी करार देते हुए कहा कि जनता इसका जवाब देगी।
कोर्ट में पेश हुए यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता
AI समिट के दौरान प्रदर्शन के मामले में गिरफ्तार चार यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शनिवार को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया। इनमें यूथ कांग्रेस सेक्रेटरी कृष्णा हरि, बिहार स्टेट सेक्रेटरी कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश स्टेट वाइस प्रेसिडेंट अजय कुमार और नेशनल कोऑर्डिनेटर नरसिम्हा यादव शामिल हैं।
बचाव पक्ष ने दलील दी कि सभी कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज करा रहे थे और उन्हें लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करने का अधिकार है।
सियासत और गरमाने के आसार
AI समिट में हुए इस घटनाक्रम के बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच टकराव और तेज होता दिख रहा है। दोनों दलों के तीखे आरोप–प्रत्यारोप के बीच आने वाले दिनों में यह मुद्दा और बड़ा राजनीतिक रूप ले सकता है।