जशपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का 62वां जन्मदिन उनके गृहग्राम बगिया में सादगी, आत्मीयता और जनस्नेह के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। बगिया पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने अपनी माता जसमनी देवी के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने परिवार के साथ समय बिताया और जन्मदिन के कार्यक्रमों में भाग लिया। पारिवारिक स्नेह और अपनत्व ने इस अवसर को और खास बना दिया।
शुभकामनाओं के लिए उमड़ा जनसैलाब
जन्मदिन पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। सभी ने उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने लोगों के स्नेह के लिए आभार जताते हुए कहा कि जनता का विश्वास और प्रेम ही उन्हें जनसेवा के लिए प्रेरित करता है।
सत्यनारायण व्रत कथा में शामिल हुए
इस मौके पर बगिया स्थित राम सदन में सत्यनारायण व्रत कथा का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री ने परिवार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री के निवास पर सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। विधायक, पंचायत प्रतिनिधि, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिकों ने पहुंचकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
खेल प्रतिभाओं को मिला प्रोत्साहन
जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाली शासकीय प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास, इचकेला की छात्राओं को मुख्यमंत्री ने 15 क्रिकेट किट भेंट की। उन्होंने छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि मेहनत और अनुशासन से वे आगे भी सफलता हासिल करें।बगीचा क्षेत्र से आए विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समाज के प्रतिनिधियों ने पारंपरिक वेशभूषा में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर जन्मदिन की बधाई दी। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी साझा की और योजनाओं से जीवन में आए बदलाव की बात कही।