भोपाल। शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र स्थित मदर इंडिया कॉलोनी में एक मैकेनिक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने शराब के नशे में जमकर हंगामा किया था। उसने पिता से कहा भी था कि मैं फांसी लगा रहा हूं। पिता उसकी बातों को नजरअंदाज करते हुए नवाज पढ़ने चले गए। कुछ देर बाद उन्हें पता चला कि बेटे ने फांसी लगा ली है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पीएम के बाद परिजन को सौंप दिया है। मृतक के भाई ने पुलिस को बयान में बताया कि उसने बाइक फाइनेंस कराई थी और रिकवरी एजेंट उसे परेशान कर रहा था।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार मदर इंडिया कॉलोनी निवासी 35 साल का मोहम्मद जावेद टू व्हील गाड़ियों का मैकेनिक था। गुरुवार शाम करीब छह बजे वह नशे में घर पहुंचा और हंगामा करने लगा। पिता शाबिर ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद पिता शाबिर नवाज पढ़ने चले गए और जावेद अपने कमरे में चला गया। काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आया तो उसका बेटा अली कमरे में पहुंचा। इस दौरान अली ने पिता को फांसी के फंदे पर लटका देख। परिजन ने उसे फंदे से नीचे उतारा, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
घर से लापता सिक्योरिटी गार्ड ने पीपल के पेड़ पर लगाई फांसी
रातीबड़ थाना क्षेत्र स्थित गांव छापरी में शुक्रवार सुबह सिक्योरिटी गार्ड ने फांसी लगा ली। उसकी लाश घर से कुछ दूरी पर पीछे की तरफ खेत में लगे पीपल के पेड़ से पुलिस ने शव बरामद किया है। पुलिस को उसके पास से सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पीएम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार अर्जुन मारन पिता बाबूलाल मारन (34) गांव छापरी, रातीबड़ में रहता था और फार्म हाउस में गार्ड की नौकरी करता था।
वह शराब पीने का आदी था। परिजन ने बताया कि गुरुवार रात वह घर से बिना बताए चला गया था। उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कुछ पता नहीं चला। अर्जुन के घर के पीछे कुछ दूरी पर गांव में खेत हैं। इस दौरान अर्जुन की लाश पीपल के पेड़ पर रस्सी के सहारे लटकी देखी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम भी पहुंच गई थी। पुलिस ने बताया कि जमीन से करीब तीन फीट ऊपर अर्जुन के पैर थे।
सेल्समैन ने फांसी लगाकर की खुदकुशी पुलिस को नहीं मिला सुसाइड नोट
छोला मंदिर थाना क्षेत्र में अटल नेहरू नगर में सेल्समैन ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसके पास से सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस के अनुसार अटल नेहरू नगर निवासी 30 साल का जीतेन्द्र मालवीय प्राइवेट कंपनी में सेल्समैन था। शुक्रवार सुबह किसी बात को लेकर उसकी अपनी पत्नी कुसुम से कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि पत्नी ने उसे मायके पहुंचाने की जिद करने लगी। जीतेन्द्र उसे मायके छोड़ने के लिए तैयार हुआ। इस बीच पत्नी को एटीएम कार्ड देकर कैश निकालने के लिए भेज दिया। थोड़ी देर बाद पत्नी कैश निकालकर घर पहुंची। तब तक जीतेन्द्र फांसी लगा चुका था। जीतेन्द्र के तीन साल का बेटा कुणाल, डेढ़ साल की एक बेटी है।
नशे में छत से गिरे व्यक्ति की मौत
गुनगा थाना क्षेत्र स्थित कोटरा चौपड़ा गांव में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक व्यक्ति छत से नीचे गिर गया। परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे, वहां डॉक्टर ने हमीदिया ले जाने की सलाह दी। हमीदिया अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पीएम के बाद परिजन को सौंप दिया है। पुलिस के अनुसार जगदीश नायक पिता रामसिंह नायक (50) कोटरा, चौपड़ा गांव में रहते थे और प्राइवेट काम करते थे। जगदीश को शराब पीने की आदत थी। परिजन ने बताया कि गुरुवार रात शराब के नशे में वह घर पहुंचे थे। गर्मी अधिक होने के कारण रात करीब 1 बजे सोने के लिए चले गए। इसी दौरान छत से नीचे गिर गए। शोर सुनकर परिजन नीचे पहुंचे और उन्हें उठाकर निजी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने बताया कि उनकी हालत नाजुक है और भोपाल के बड़े अस्पताल में भर्ती कराना पड़ेगा। परिजन उन्हें हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचे थे, वहां शुक्रवार तड़के उनकी मौत हो गई।