भोपाल। मिसरोद थाना क्षेत्र स्थित जाटखेड़ी झुग्गी में 6वीं कक्षा की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसके पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। सुसाइड नोट में उसने लिखा है मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना। आप रोज समझाते हैं कि ज्यादा घुमा फिरा मत करो, जिंदगी खराब हो जाएगी। अच्छे से रहो। ऐसे में जिंदा रहने से क्या मतलब, मर जाती हूं। पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर लिया है। शुक्रवार को पीएम के बाद परिजन को शव सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार गुरुवार सुबह अंजली के पिता प्रदीप बेटे बाबू को लेकर जेल रोड पहाड़ी गए थे। मां सविता घरों में काम करने जाती है और वह काम पर चली गई। घर में केवल अंजली थी। दोपहर करीब 1 बजे सविता काम से घर लौटी थी। इस दौरान पता चला कि झुग्गी में बल्ली के दुपट्टे का फंदा बनाकर अंजली ने फांसी लगा ली है।
कुर्सी पर चढ़कर बांधा था दुपट्टा
अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो पता चला कि अंजली ने कुर्सी पर चढ़कर बल्ली में दुपट्टे का फंदा बनाया था और फंदा बनाने के बाद फांसी लगा ली। अंजली के परिजन ने बताया कि अभी कुछ दिन पहले ही अंजली ने परीक्षा दी थी। अभी छुट्टियां होने के कारण वह आसपास लोगों के घर जाती थी और बैठती थी। कच्ची उम्र होने के कारण परिजन उसे समझाइश देते थे।