भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आज, 15 सितंबर को राज्य स्तरीय अभियंता दिवस समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में होगा, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह कार्यक्रम में विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे। इस राज्य स्तरीय समारोह का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले अभियंताओं, अधिकारियों, निर्माण एजेंसियों और संयुक्त टीमों को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्यों के लिए अलग-अलग श्रेणियों में ‘लोक निर्माण पुरस्कार’ प्रदान किए जाएंगे।
‘लोक निर्माण से लोक कल्याण’ की थीम पर होगा आयोजन
अभियंता दिवस समारोह को ‘लोक निर्माण से लोक कल्याण’ की अवधारणा के तहत आयोजित किया जा रहा है। इसमें निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, तकनीकी दक्षता, नए प्रयोग, पर्यावरण संरक्षण और आम जनता के हित से जुड़े अधोसंरचना कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कारों के लिए लोक निर्माण विभाग, मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम और मध्यप्रदेश भवन विकास निगम की ओर से प्राप्त प्रस्तावों का परीक्षण किया गया। इसके बाद विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कार्यों और संबंधित लोगों का चयन किया गया है।
इन 5 श्रेणियों में दिए जाएंगे लोक निर्माण पुरस्कार
समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले इंजीनियरों, अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को पांच प्रमुख पुरस्कार श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा। इनमें मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया पुरस्कार, विश्वकर्मा पुरस्कार, विक्रमादित्य पुरस्कार, रानी दुर्गावती पर्यावरण हितैषी पुरस्कार, राजा भोज पुरस्कार शामिल हैं। इन पुरस्कारों के माध्यम से निर्माण परियोजनाओं में गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ-साथ तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही, बेहतर अधोसंरचना तैयार करने में योगदान देने वाले इंजीनियरों और निर्माण एजेंसियों को आगे भी उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
सुबह 11:10 बजे समारोह में पहुंचेंगे CM मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को भोपाल में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक उनका दिन विभिन्न बैठकों और कार्यक्रमों से जुड़ा रहेगा।
सुबह 10:00 बजे: मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चर्चा।
सुबह 11:10 बजे: कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में राज्य स्तरीय अभियंता दिवस समारोह।
दोपहर 12:20 बजे: रवींद्र भवन में अभिनंदन कार्यक्रम।
दोपहर 1:45 बजे: मंत्रालय से दमोह के बलराम कृषि महोत्सव से वर्चुअली जुड़ेंगे।
दोपहर 2:00 बजे: कैबिनेट ब्रीफिंग।
दोपहर 2:15 बजे: राज्य कैबिनेट की बैठक।
दोपहर 3:45 बजे: कैबिनेट कमेटी ऑन इनवेस्टमेंट प्रमोशन (CCIP) की बैठक।
शाम 4:15 बजे: विभिन्न जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से मुलाकात।
इंजीनियरों और निर्माण एजेंसियों को मिलेगा सम्मान
राज्य स्तरीय अभियंता दिवस समारोह प्रदेश के विकास में इंजीनियरों और निर्माण क्षेत्र से जुड़े संस्थानों की भूमिका को रेखांकित करेगा। कार्यक्रम में उन लोगों और एजेंसियों को सम्मान मिलेगा, जिन्होंने गुणवत्तापूर्ण निर्माण, तकनीकी नवाचार, पर्यावरण अनुकूल कार्यों और जनहित से जुड़ी अधोसंरचना परियोजनाओं में उल्लेखनीय योगदान दिया है। सरकार का फोकस निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुधारने के साथ-साथ ऐसी परियोजनाओं को प्रोत्साहित करना है, जिनका सीधा लाभ आम लोगों को मिले।