Bhopal Breaking : राजधानी भोपाल में एक बार फिर धमकी भरे ईमेल ने सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मचा दिया है। इस बार भोपाल नापतौल विभाग को साइनाइड गैस से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी भरे ईमेल में दावा किया गया कि विभाग परिसर में साइनाइड गैस से भरे 16 सिलेंडर रखे गए हैं, जो दोपहर 1 बजे फटेंगे।
खाली कराया गया दफ्तर
धमकी भरा ईमेल मिलते ही विभाग में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा के तौर पर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को तुरंत दफ्तर से बाहर निकाल दिया गया। वही सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं।
पहुंचे डॉग स्क्वाड, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंची और परिसर की तलाशी शुरू की गई। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ईमेल किसने भेजा और इसमें कितनी सच्चाई है।
पहले भी मिल चुके हैं धमकी भरे ईमेल
आपको बता दें कि इससे पहले भोपाल एम्स और पीपुल्स अस्पताल को धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं। लगातार मिल रही धमकियों के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और साइबर टीम ईमेल कहां से आया इसका पता लगाने की कोशिश कर रही है।