शाजापुर : मध्य प्रदेश के शाजापुर से एक कैदी के फरार होने का मामला सामने आया है। कैदी किचन में खाना बनाने के बहाने छुप गया और मौका देख पानी भरने वाले पाइप के सहारे दीवार फांदकर जेल से फरार हो गया। यह पूरी घटना रविवार सुबह 11 -12 बजे के आस पास की है। जिसकी खबर सामने आने से पुलिस विभाग में हड़कप मच गया है। वही पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
कैदी पानी भरने वाले पाइप में तार बांधकर भागा
इधर, घटना की जानकारी देते हुए जेल अधीक्षक दुष्यंत कुमार पगारे ने बताया कि आरोपी धारा 307 का आरोपी था जो किचन में काम करने के दौरान दीवार कूदकर भाग निकला। जेल अधीक्षक ने बताया कि कैदी ने पानी भरने वाले पाइप में तार बांधकर उसे सहारे के रूप में इस्तेमाल किया और दीवार के ऊपर तक पहुंच गया. उस समय वहां कोई जेल कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिसका फायदा उठाकर वह फरार हो गया।
सर्च ऑपरेशन शुरू
फ़िलहाल पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है। ताकि जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी हो सके। वही इस घटना के बाद जेल में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।