भोपाल : भोपालवासियों के लिए मेट्रो का सफर अब तेज होने के साथ साथ सुविधाजनक और भरोसेमंद होने जा रही है। सीएमआरएस द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मेट्रो अब दोनों दिशाओं में प्रतिदिन 25-25 फेरे लगाएंगी, यानी दिनभर में मेट्रो 50 ट्रिप संचालित होंगी। जिसको लेकर नई समय-सारणी 25 जुलाई यानि की आज से लागू कर दी गई है।
पीक आवर्स में हर 15 मिनट में मिलेगी मेट्रो
नए शेड्यूल के लागू होने से यात्रियों को अब सफर करने के लिए 75 मिनट तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। बल्कि हर 30 मिनट पर मेट्रो उपलब्ध होगी। इतना ही नहीं पीक आवर्स में मेट्रो हर 15 मिनट में यात्रियों को मिलेगी।
ट्रैफिक का दबाव होगा कम
दरअसल, कमिश्नर आफ मेट्रो रेल सेफ्टी ने सुभाष नगर से एम्स स्टेशन तक दोनों ट्रैक पर सिग्नलिंग प्रणाली सहित नियमित परिचालन को मंजूरी दे दी है। जिससे अब शहर में ट्रैफिक का दबाव कम होगा। साथ ही लोगों को सुरक्षित, आधुनिक और आरामदायक सफर का अनुभव भी होगा।
यहां देखें नई समय-सारणी
नई समय-सारणी के अनुसार पहली मेट्रो सुभाष नगर से सुबह 9 बजे और एम्स स्टेशन से सुबह 9.30 बजे रवाना होगी. वहीं अंतिम मेट्रो सुभाष नगर से शाम 6.30 बजे और एम्स से शाम 7 बजे चलेगी. सुबह 9 बजे से 10.30 बजे तक और शाम 5.30 बजे से 7 बजे तक पीक आवर्स में हर 15 मिनट पर मेट्रो उपलब्ध रहेगी, जबकि अन्य समय में हर 30 मिनट पर सेवा मिलेगी. दोनों दिशाओं को मिलाकर प्रतिदिन कुल 50 ट्रिप संचालित किए जाएंगे.