Asian Games 2026 India Medals: आइची-नागोया में आयोजित 20वें एशियन गेम्स में भारतीय दल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 85 पदक अपने नाम किए। 14 दिनों तक चले इस खेल महाकुंभ में भारत ने 21 स्वर्ण, 27 रजत और 37 कांस्य पदक जीते। इस प्रदर्शन के साथ भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने शूटिंग, एथलेटिक्स, आर्चरी, कुश्ती, बॉक्सिंग, हॉकी, क्रिकेट, कबड्डी, स्क्वैश और कई अन्य खेलों में दमदार प्रदर्शन किया। कुछ स्पर्धाओं में भारत ने पहली बार पोडियम पर जगह बनाई, जबकि कई टीम और व्यक्तिगत मुकाबलों में खिलाड़ियों ने देश को गौरवान्वित किया।
मेडल टैली में चीन का दबदबा
एशियन गेम्स 2026 की अंतिम पदक तालिका में चीन सबसे ऊपर रहा। चीन ने 169 गोल्ड, 89 सिल्वर और 83 ब्रॉन्ज, कुल 341 पदक हासिल किए। जापान 83 स्वर्ण, 93 रजत और 91 कांस्य सहित 267 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। दक्षिण कोरिया ने 38 स्वर्ण, 43 रजत और 68 कांस्य समेत कुल 149 पदक जीतकर तीसरा स्थान हासिल किया।भारत 21 स्वर्ण, 27 रजत और 37 कांस्य के साथ 85 पदकों पर रहा और चौथे पायदान पर कब्जा जमाया। उज्बेकिस्तान 21 स्वर्ण, 25 रजत और 24 कांस्य सहित 70 पदकों के साथ पांचवें स्थान पर रहा।
भारत के 21 स्वर्ण पदक
भारत के स्वर्ण पदकों में टीम स्पर्धाओं और व्यक्तिगत मुकाबलों दोनों का योगदान रहा। क्रिकेट में महिला और पुरुष टीम ने टी20 में गोल्ड जीता। कबड्डी और हॉकी में भी भारतीय टीमों ने स्वर्ण पदक हासिल किए। शूटिंग में कमलजीत और सुरुचि सिंह की मिश्रित जोड़ी, नीरू ढंडा और क्यानन चेनाई-नीरू ढंडा की जोड़ी ने स्वर्ण जीता। आर्चरी में ज्योति सुरेखा वेन्नम, प्रीतिका प्रदीप और चिकिता तनिपर्थी की महिला कंपाउंड टीम ने गोल्ड अपने नाम किया। महिला रिकर्व टीम और महिला रिकर्व व्यक्तिगत मुकाबले में भी भारत को स्वर्ण मिला। बॉक्सिंग में लवलीना बोरगोहेन, परवीन हूडा और अंकुश पंघाल ने अपने-अपने वर्ग में शीर्ष स्थान हासिल किया। कुश्ती में सुजीत कलकल और अमन सहरावत ने गोल्ड जीता, जबकि गोल्फ में प्रणवी उर्स ने व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया।
27 रजत पदकों में कई बड़े नाम
भारत के 27 सिल्वर मेडल में शूटिंग, एथलेटिक्स, वेटलिफ्टिंग, वुशु, स्क्वैश, कुश्ती, सेलिंग और गोल्फ समेत कई खेल शामिल रहे। शूटिंग में इलावेनिल वालारिवन, हिमांशु ढिल्लों, रुद्रांक्ष पाटिल, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और ईशा सिंह जैसे खिलाड़ियों ने रजत पदक जीते। वेटलिफ्टिंग में मीराबाई चानू ने सिल्वर हासिल किया। वुशु में रोशिबिना देवी ने रजत पदक जीता। एथलेटिक्स में गुलवीर सिंह ने 10,000 मीटर और 1,500 मीटर में रजत पदक अपने नाम किया। तजिंदरपाल सिंह तूर, एंसी सोजन, सर्वेश कुशारे, मुरली श्रीशंकर और यशवीर सिंह भी सिल्वर जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों में शामिल रहे। स्क्वैश में अभय सिंह और अनाहत सिंह ने व्यक्तिगत स्पर्धाओं में रजत हासिल किया। कुश्ती में अंतिम पंघाल और नितेश सिवाच ने सिल्वर जीता।
भारत के खाते में आए 37 कांस्य
भारत ने 37 कांस्य पदक भी अपने नाम किए। शूटिंग में रुद्रांक्ष पाटिल समेत कई भारतीय निशानेबाजों ने पोडियम पर जगह बनाई। एथलेटिक्स में सीमा कुमारी, मनप्रीत कौर, बरनिका एलंगोवन, प्राची चौधरी, हरिता भद्रा, तेजस्विन शंकर, पारुल चौधरी और रोहित यादव समेत कई खिलाड़ियों ने ब्रॉन्ज जीता। बैडमिंटन की पुरुष टीम ने कांस्य पदक हासिल किया। स्क्वैश में महिला टीम, पुरुष टीम और मिश्रित डबल्स में भारत को ब्रॉन्ज मिला। बॉक्सिंग में नारेंदर बरवाल, प्रिया घंघास और कपिल पोखरिया ने कांस्य पदक जीते। कुश्ती में सुनील कुमार और दीपक पूनिया ने ब्रॉन्ज हासिल किया। टेबल टेनिस के मिश्रित डबल्स में दिया चितले और मनुष शाह की जोड़ी ने कांस्य पदक जीता। सेलिंग, आर्चरी और सेपक्ताक्रॉ में भी भारतीय खिलाड़ियों ने ब्रॉन्ज अपने नाम किया।
कई खेलों में भारत ने रचा नया इतिहास
इस बार भारत के अभियान की खास बात सिर्फ पदकों की संख्या नहीं रही। भारतीय खिलाड़ियों ने कई स्पर्धाओं में नए रिकॉर्ड और उपलब्धियां भी दर्ज कीं। MMA में सुचिका तारियाल का कांस्य पदक भारत के लिए इस खेल में एशियन गेम्स का पहला पदक रहा। वहीं महिला रिकर्व आर्चरी में भारत ने पहली बार स्वर्ण पदक हासिल किया। शूटिंग, एथलेटिक्स, आर्चरी, कुश्ती, स्क्वैश, हॉकी और क्रिकेट जैसे खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार मजबूत प्रदर्शन किया।
85 पदकों के साथ भारत का शानदार अभियान
14 दिनों के मुकाबलों के बाद भारत ने 21 स्वर्ण, 27 रजत और 37 कांस्य सहित कुल 85 पदक अपने नाम किए। भारतीय दल पदक तालिका में चीन, जापान और दक्षिण कोरिया के बाद चौथे स्थान पर रहा। इस अभियान में टीम स्पर्धाओं में मिली सफलता के साथ व्यक्तिगत खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने भी भारत की पदक संख्या बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। एशियन गेम्स 2026 भारतीय खेलों के लिए कई नई उपलब्धियां छोड़ गया।