भोपाल : राजधानी भोपाल के ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र में उस वक़्त सनसनी फैल गई जब एक मां ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ जहर खाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना अरवलिया गांव की है। जहां शनिवार सुबह महिला ने यह खौफनाक कदम उठाया।
पारिवारिक विवाद के चलते उठाया कदम
जानकारी के अनुसार, अरवलिया गांव की रहने वाली 37 वर्षीय रुकसाना ने पारिवारिक विवाद के बाद यह खौफनाक कदम उठाया। बताया जा रहा है कि महिला का पहले देवरानी से विवाद हुआ। इसके बाद पति से भी कहासुनी हुई। जिससे दुखी होकर महिला ने अपनी जान दे दी।
महिला ने घर का दरवाजा अंदर से किया बंद
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान महिला ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लेकिन दरवाजा बंद होने के कारण पडोसी छत के रास्ते घर में प्रवेश हुए और सभी को तुरंत अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टर ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
इधर, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक तौर पर पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।
तीनों की मौत से परिवार में मातम
पुलिस ने मृतका की पहचान रुकसाना (37 साल) के रूप में हुई है। इस घटना में उसकी 12 वर्षीय बेटी रुकईया और 8 वर्षीय बेटे फैजल की भी मौत हो गई है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।