नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य होने का दावा करते हुए 7 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है। आरोपी ने रकम नहीं मिलने पर अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल की हत्या करने की धमकी दी है। इस मामले में पंजाब के मोहाली स्थित साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
AAP विधायक जरनैल सिंह को आया धमकी भरा फोन
मोहाली के एसएसपी को दी गई शिकायत के मुताबिक, तिलक नगर विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह को 6 नवंबर को उनके निजी मोबाइल नंबर पर एक धमकी भरा कॉल आया था। इसके अलावा उनके व्हाट्सएप पर भी संदेश भेजा गया। संदेश भेजने वाले की प्रोफाइल पर 'एच' नाम दिखाई दे रहा था।
शिकायत में बताया गया है कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा बताया। उसने विधायक से अरविंद केजरीवाल तक 7 करोड़ रुपये की मांग पहुंचाने को कहा। साथ ही रकम नहीं देने पर केजरीवाल और उनकी बेटी को जान से मारने की चेतावनी दी।
BNS और IT एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत के आधार पर मोहाली साइबर क्राइम पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(4), 351(2), 351(3), 351(4), 111(2) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की धारा 66D के तहत एफआईआर दर्ज की है।
इस मामले की जांच साइबर क्राइम थाने के इंस्पेक्टर सुनील कुमार कर रहे हैं। पुलिस धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने के लिए तकनीकी साक्ष्यों की जांच में जुटी है।
कॉल डिटेल और लोकेशन ट्रेस करने की मांग
AAP विधायक जरनैल सिंह ने पुलिस से आरोपी के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), इंटरनेट प्रोटोकॉल (IP) लॉग और लोकेशन ट्रेस करने की मांग की है। इसके साथ ही धमकी के पीछे शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की मांग भी की गई है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट भी सौंपे हैं। उन्होंने अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करने का आग्रह किया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से उसके कथित संबंधों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।