मुंबई में एक बार फिर बम धमाके की धमकियों से हड़कंप मच गया है। इस बार धमकी भरे ईमेल में मुंबई मेयर कार्यालय, बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले और पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की बात कही गई है। ईमेल सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मुंबई मेयर के कार्यालय को एक धमकी भरा ईमेल मिला, जिसमें कार्यालय को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई। इसी ईमेल में दावा किया गया कि अभिनेता अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित आवास 'जलसा' पर कार बम से हमला किया जाएगा।
इतना ही नहीं, ईमेल में पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के मुंबई में प्रस्तावित कॉन्सर्ट को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई। मेल भेजने वाले ने कॉन्सर्ट स्थल पर आईफोन बम से धमाका करने का दावा किया है।
धमकी भरे ईमेल की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ते के अधिकारी संबंधित स्थानों पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर जांच-पड़ताल की गई। फिलहाल पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान और धमकी की गंभीरता का पता लगाने में जुटी है।
हालांकि, ईमेल में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर रही है।