ग्वालियर : ग्वालियर शहर के माधौगंज थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक कपड़ा गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। घटना जगताप की गोठ स्थित जैन कपड़ा गोदाम की बताई जा रही है, जहाँ रात करीब तीन बजे आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, गोदाम में लोअर और अन्य कपड़ों का बड़ा स्टॉक रखा हुआ था। आग लगते ही कुछ ही मिनटों में कपड़ा जलकर पूरी तरह राख में तब्दील हो गया। मौके पर आसपास के लोगों ने तुरंत नगर निगम की फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।