छतरपुर : दशहरा पर्व का आयोजन मध्य प्रदेश सहित देशभर में हर साल धूमधाम के साथ किया जाता है। इस साल भी मध्य प्रदेश के छतरपुर में दशहरा का पर्व जोरों शोरों के साथ मनाया जाएगा। जिसको लेकर तैयारियां जहां जारी है। तो वही इस बार 62 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन प्रभु श्रीराम अमेरिकन स्टाइल की आकर्षक बग्गी में सवार होकर करेंगे।
कलेक्टर - एएसपी ने लिया तैयारियों का जायजा
कार्यक्रम का आयोजन उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 मैदान में किया जा रहा है। जिसकी तैयारियों का जायजा लेने के लिए छतरपुर कलेक्टर मृणाल मीना, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा और एएसपी आदित्य पटले मौके पर पहुंचे और व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
3 हजार कुर्सियों की व्यवस्था
रावण दहन का कार्यक्रम रात करीब 10 बजे प्रस्तावित है। ऐसे में समिति द्वारा मैदान में करीब 3 हजार कुर्सियों की व्यवस्था की जा रही है। हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में शहरवासियों के पहुंचने की संभावना है। जिसको देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये जा रहे है।
जाम से निपटने बनेगा रूट चार्ट
कार्यक्रम के दौरान शहर में यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए कलेक्टर ने यातायात प्रभारी को जल्द रूट चार्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। यातायात विभाग द्वारा इस रूट चार्ट को सोशल मीडिया के माध्यम से साझा किया जाएगा, ताकि लोग पहले से मार्गों की जानकारी प्राप्त कर सकें और अनावश्यक जाम की स्थिति से बचा जा सके।
उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 के मैदान में होगा रावण दहन
पहले छतरपुर के बाबूराम चतुर्वेदी स्टेडियम में रावण दहन का आयोजन किया जाता था, लेकिन खिलाड़ियों के लिए वहां निर्माण कार्य होने के कारण पिछले कुछ वर्षों से आयोजन स्थल बदल दिया गया है। वर्तमान में उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 के मैदान में रावण दहन कराया जा रहा है।
सुरक्षा - व्यवस्था पर खास ध्यान
कलेक्टर मृणाल मीना ने कहा कि भविष्य में रावण दहन के लिए बेहतर स्थान का चयन करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि शहरवासियों को आयोजन देखने के लिए पर्याप्त जगह और सुविधाएं मिल सकें। प्रशासन का जोर इस बार भी आयोजन को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारू रूप से संपन्न कराने पर है।