योगेंद्र मकवाना, आगर मालवा: मध्य प्रदेश के ग्रामीण अंचलों में आवारा कुत्तों का आतंक अब मासूम बच्चों के जीवन के लिए काल साबित हो रहा है। उज्जैन और आगर मालवा जिले की सीमा पर स्थित एक गांव में एक खूंखार आवारा कुत्ते ने 3 वर्षीय मासूम बच्ची पर जानलेवा हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्ची के चेहरे को इतनी बेरहमी से नोचा कि उसका पूरा चेहरा लहूलुहान हो गया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को तड़पती हालत में नजदीकी आगर मालवा जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी जान तो बचा ली, लेकिन चेहरे के गहरे जख्मों को सिलने के लिए करीब 55 टांके लगाने पड़े।
आंगन में खेल रही थी मासूम
यह दिल दहला देने वाली वारदात मूल रूप से उज्जैन जिले की महिदपुर तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम देलवाड़ी की है। हालांकि, देलवाड़ी गांव से महिदपुर या उज्जैन मुख्यालय की तुलना में आगर मालवा जिला अस्पताल काफी नजदीक है, इसलिए लहूलुहान बच्ची को लेकर परिजन तुरंत आगर मालवा की ओर भागे। परिजनों के मुताबिक, 3 साल की मासूम अपने घर के ठीक बाहर खुले आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान गली में घूम रहे एक बड़े आवारा कुत्ते ने अचानक उस पर हमला बोल दिया। जब तक मां और आसपास के ग्रामीण चिल्लाते हुए डंडा लेकर दौड़े, तब तक खूंखार कुत्ता बच्ची को जमीन पर पटककर उसके नाजुक चेहरे को बुरी तरह चबा चुका था।
3 डॉक्टरों की टीम ने संभाला मोर्चा
आगर मालवा जिला अस्पताल के आकस्मिक चिकित्सा वार्ड में जैसे ही बच्ची को लाया गया, वहां चीख-पुकार मच गई। लगातार बह रहे खून और बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए सिविल सर्जन ने तुरंत डॉक्टरों की टीम तैयार की डॉक्टरों के अनुसार, चेहरे की नसें कटने के कारण खून को रोकना और समय पर उपचार देना था। डॉक्टरों की टीम ने तत्काल ऑपरेशन थिएटर में सर्जरी शुरू की। करीब एक घंटे चली इस प्रक्रिया के बाद बच्ची के चेहरे और गालों पर 55 टांके लगाकर घावों को बंद किया गया। इसके बाद डॉक्टरों ने बच्ची को एम्बुलेंस के जरिए इंदौर के एमवाय अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहां उसकी स्थिति स्थिर बनी हुई है।
आगर मालवा के डरावने आंकड़े
यह खौफनाक घटना केवल एक हादसा नहीं है, बल्कि नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों की लापरवाही का प्रमाण है। जनवरी 2026 से लेकर जून 2026 के मध्य तक अकेले आगर मालवा जिला अस्पताल में डॉग बाइट के 350 से अधिक मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इसका मतलब यह है कि जिले में औसतन हर दिन दो से तीन लोग आवारा श्वानों का शिकार बनकर अस्पताल पहुंच रहे हैं।
.png)