Bahrain Iran attack: बहरीन में ईरान के मिसाइल और ड्रोन हमलों का समर्थन करने और उससे जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने के आरोप में छह एशियाई नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। बहरीन के आंतरिक मंत्रालय के मुताबिक गिरफ्तार किए गए लोगों में पांच पाकिस्तानी और एक बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं। मंत्रालय की एंटी-साइबर क्राइम निदेशालय ने इन लोगों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। आरोप है कि इन लोगों ने बहरीन पर हुए ईरानी हमलों से जुड़े वीडियो बनाए, उनका प्रचार किया और सोशल मीडिया पर शेयर कर उनका समर्थन जताया।
सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर की हमलों की तारीफ:
जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपियों ने ईरान की आक्रामक कार्रवाई के प्रति सहानुभूति जताते हुए हमलों का महिमामंडन किया। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां देश की सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था के लिए खतरा पैदा कर सकती हैं। बताया गया है कि इन वीडियो को बार-बार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट और रीपोस्ट किया गया, जिससे लोगों के बीच डर और भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती थी।
भ्रामक सामग्री फैलाने का भी आरोप:
बहरीन के आंतरिक मंत्रालय के अनुसार आरोपियों ने केवल वीडियो रिकॉर्ड ही नहीं किए, बल्कि उनसे जुड़ी भ्रामक जानकारी भी ऑनलाइन प्रसारित की। इससे नागरिकों और प्रवासियों के बीच असुरक्षा की भावना पैदा होने का खतरा था। जनरल डायरेक्टोरेट (एंटी-करप्शन, आर्थिक और इलेक्ट्रॉनिक सुरक्षा) की जांच में पाया गया कि इन गतिविधियों से राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक शांति प्रभावित हो सकती थी। आरोपियों को लोक अभियोजन के पास भेजा गया अधिकारियों ने बताया कि सभी संदिग्धों को कानूनी कार्रवाई के लिए लोक अभियोजन (Public Prosecution) के पास भेज दिया गया है। आगे की जांच जारी है और दोष साबित होने पर कड़ी सजा दी जा सकती है।
सरकार ने नागरिकों से की सावधानी बरतने की अपील:
घटना के बाद बहरीन सरकार ने नागरिकों और प्रवासियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की जानकारी केवल आधिकारिक स्रोतों से ही प्राप्त करें। मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि बिना सत्यापन के वीडियो, अफवाह या भ्रामक खबरें फैलाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि देश की सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

