रायसेन : मध्य प्रदेश के रायसेन के नूरगंज थाना क्षेत्र में रफ़्तार का कहर देखने को मिला। जहां रविवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में 4 लोगों की दुखद मौत हो गई। जबकि एक घायल हो गया। हादसे पर सीएम मोहन और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शोक व्यक्त कर पीड़िता परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
ग्राम दीवटिया के पास हुआ हादसा
हादसा ग्राम दीवटिया में पेट्रोल पंप के पास हुआ। जहां तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई और 4 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि हादसे में 1 युवक घायल हो गया। जिसका इलाज भोपाल एम्स में जारी है। बताया जा रहा है कि सभी लोग औबेदुल्लागंज से दिवटिया जा रहे थे।
हादसे में इनकी हुई मौत
पुलिस ने मृतकों की पहचान शुभम नागर (24) मंडीदीप की एक कंपनी में काम करता था। कार ड्राइव कर रहा गौरव नागर (24) पढ़ाई करता था। आशीष नागर (22) कीटनाशक की दुकान पर काम करता था। वहीं, कृष नागर (20) छात्र था। हादसे में गंभीर रूप से घायल प्रशांत नागर को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल एम्स भेजा गया है। वहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है।
रात करीब 12 बजे हुआ हादसा
हादसा रात करीब 12 बजे के आस पास हुआ। एक्सीडेंट इतना ज्यादा भयानक था कि तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गया। फ़िलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जताया शोक
रायसेन में सड़क हादसे में 4 युवकों की मौत पर प्रदेश के पूर्व सीएम और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शोक जताया है। केंद्रीय मंत्री चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, विदिशा संसदीय क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दीवटिया, औबेदुल्लागंज निवासी युवा गौरव नागर, शुभम नागर, क्रिश नागर एवं आशीष नागर के सड़क दुर्घटना में निधन का समाचार अत्यंत दुखदायी है।
आप चारों का यूं असमय चले जाना अत्यंत पीड़ादायक है। इस हृदयविदारक घटना से परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा है। शोक की इस विकट घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ। विनम्र श्रद्धांजलि!