देवास : मध्य प्रदेश के देवास स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में काम के दौरान विस्पोट होने के चलते 3 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल है। जिन्हे प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर के एम वाय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। तो वही इस दुखद हादसे पर सीएम मोहन ने दुःख जताते हुए मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता और घायलों को निःशुल्क इलाज देने की घोषणा की है।
हादसा 11 बजकर 30 मिनट के आस पास हुआ
हादसा देवास के एबी रोड स्थित टोंककला क्षेत्र के पटाखा फैक्ट्री में सुबह करीब 11 बजकर 30 मिनट के आस पास हुआ। बताया जा रहा है कि विस्पोट इतना बड़ा था कि उसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक लोगों को सुनाई दी। इतना ही नहीं शवों के टुकड़े 20 से 25 फीट दूर तक जा गिरे। हादसे में कई लोग बुरी तरह झुलस गए है। जिन्हे रेस्क्यू करने का काम चल रहा है।
उज्जैन आईजी, डीआईजी मौके पर मौजूद
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही उज्जैन आईजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन और उज्जैन कमिश्नर आशीष सिंह मौके पर पहुंच चुके है और स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।
6 से 8 महीने पहले ही बनी थी फैक्ट्री
बताया जा रहा है कि यह फैक्ट्री करीब 6 से 8 महीने पहले ही बनी थी, जबकि यहां अभी भी निर्माण कार्य चल रहा था। अधिकारियों का कहना है कि हादसे की जांच के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।