बैतूल : मध्य प्रदेश के बैतूल में शनिवार तड़के हुए दुखद हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि हादसे में 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। हादसा मुलताई के पास बैतूल-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। जिसकी जानकारी मिलते ही पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।
सीहोर के कुबेरेश्वर धाम जा रहे थे सभी
बताया जा रहा है कि सभी लोग महाराष्ट्र के नागपुर के पास बूटीबोरी कोल माइंस क्षेत्र के रहने वाले थे और दर्शन के लिए सीहोर के कुबेरेश्वर धाम जा रहे थे। तभी उनकी गाड़ी रफ़्तार में होने के चलते अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर 3 लोगों की मौत हो गई। जबकि 9 लोग घायल हो गए।
नींद की झपकी आने के कारण हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, हादसा चालक को नींद की झपकी आने के कारण हुआ। शवों को जहां पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वही घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नागपुर रेफर किया गया। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। एक्सीडेंट शनिवार तड़के करीब 3:30 बजे के आस पास हुआ।
पुलिस ने की मृतकों की पहचान
हादसे में 42 वर्षीय दीपक और उनकी 40 वर्षीय पत्नी छाया की मौत हो गई।जबकि तीसरी मृत महिला की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुलताई अस्पताल भेज दिया है।
हादसे में ये हुए घायल
घायलों में नैतिक पिता उपेंद्र गांधीवार (10), उज्ज्वला पति मोहन (45), नीता पिता अनिल (25), अनुष्का पिता उपेंद्र (18), संगीता एकनाथ, शंभु, नंदन, प्रज्ज्वल पिता दीपक और सौरभ पिता नंदकिशोर (20) शामिल हैं।