मुंबई। महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राज्य के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। अब तक बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में 13 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं पुणे जिले के पाटन गांव में हुए भूस्खलन में एक मकान पूरी तरह मलबे में दब गया, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो अन्य लोगों की तलाश जारी है।
पुणे में तीन बार हुआ भूस्खलन
सोमवार तड़के पुणे जिले के पाटन गांव में लगातार बारिश के कारण तीन बार भूस्खलन हुआ। इनमें एक घर पूरी तरह मलबे में दब गया। घटना के समय घर के अंदर तीन लोग मौजूद थे। राहत एवं बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। इसी दौरान घोरवाड़ी रेलवे स्टेशन के पास जलभराव में फंसी एक निजी बस से 37 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
मुंबई-पुणे रेल मार्ग पूरी तरह प्रभावित
भारी बारिश और भूस्खलन का असर रेलवे सेवाओं पर भी पड़ा है। कर्जत-लोनावाला के बीच भोर घाट सेक्शन में मलबा आने से रेलवे की तीनों प्रमुख लाइनें बाधित हो गई हैं। स्थिति को देखते हुए रेलवे ने 16 ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि 9 ट्रेनों का मार्ग बदल दिया गया है। प्रभावित प्रमुख ट्रेनों में इंद्रायणी एक्सप्रेस, डेक्कन क्वीन, डेक्कन एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस, प्रगति एक्सप्रेस, धुले एक्सप्रेस, सिंहगढ़ एक्सप्रेस शामिल हैं, रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन का स्टेटस जांचने की अपील की है।
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और हाईवे बंद
लगातार बारिश के कारण मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर टनल-2 के पास भूस्खलन हुआ, जिसके बाद पुणे की ओर जाने वाले मार्ग को बंद कर ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया। इसके अलावा पुराने मुंबई-पुणे हाईवे पर भी कई स्थानों पर पानी भरने और मलबा आने से यातायात पूरी तरह प्रभावित है। एक्सप्रेसवे के कनेक्टिंग लिंक क्षेत्र में एक कंक्रीट का खंभा सड़क पर गिरने से आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई।
कई जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद एहतियात के तौर पर मुंबई, पुणे, ठाणे और पालघर जिलों के सभी सरकारी, निजी और नगर निगम के स्कूल-कॉलेजों में अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें और मौसम विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पुणे के लिए रेड अलर्ट और मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले 24 से 48 घंटों के दौरान कई इलाकों में अत्यधिक बारिश की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।