Ujjain House Collapsed: उज्जैन : मध्य प्रदेश के उज्जैन से इस वक़्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां हम्मालवाड़ी क्षेत्र में बुधवार सुबह दो मंजिला मकान भरभराकर गिर गया। जिसकी चपेट में आने की वजह से 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा के चलते मौके पर चीख पुकार मच गई। जिसे देख स्थनीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और मलबे को हटाकर दबे हुए लोगों को बाहर निकाला।
दो मंजिला मकान करीब 50 साल पुराना
यह खौफनाक मंजर उज्जैन के जीवाजीगंज थाना क्षेत्र के हम्माल वाड़ी इलाके में देखने को मिला। जिसकी जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि दो मंजिला मकान करीब 50 साल पुराना है। जो आज अचानक से ताश के पत्तों की तरह भरभराकर जमींदोज हो गया।
हादसे के समय घर में 8 लोग मौजूद थे
हादसे के समय घर में 8 लोग मौजूद थे। जिसमे से 15 वर्षीय किशोर की मलबे में दबने से मौत हो गई, वहीं, खुर्शीद बी, इकलाश, फरान नाज, शेर मोहम्मद और परवीन बी को बेहद गंभीर हालत में मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां डॉक्टर सभी को बचाने का प्रयास कर रही है।
मकान की नींव कमजोर हुई
बताया जा रहा है कि मकान के पास एक नए भवन का निर्माण कार्य चल रहा था। इसके लिए मकान के पास गहरे गड्ढे खोदे गए थे। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि खुदाई के कारण पुराने मकान की नींव कमजोर हो गई, जिससे उसका पिछला हिस्सा अचानक ढह गया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और रेस्क्यू ऑपरेशन के साथ ही हादसे के असल कारणों की जांच की जा रही है।