बुरहानपुर : मध्य प्रदेश में सड़क हादसे बेलगाम हो गए है। आए दिन हो रहे एक्सीडेंट में लोगों की बेवजह मौत हो रही है। इसी कड़ी में सड़क हादसे की दुखद खबर बुरहानपुर से सामने आई है। जहां एक तेज रफ्तार आयशर वाहन ने एक एपे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। जिसकी वजह से ऑटो में सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि 5 लोग घायल हो गए।
सुबह करीब 10:30 बजे हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे एक ऑटो सवारी लेकर जा रहा था। तभी निंबोला के पास रेलवे ब्रिज पर आयशर वाहन ने ऑटो को टक्कर मार दी। ऑटो में करीब 6 लोग सवार थे। जिसमे से 5 को सिर्फ चोट आई। जबकि 1 की जान चली गई।
स्वास्थ्य केंद्र में ऑपरेटर था मृतक
पुलिस ने मृतक की पहचान सुमित गिगनारे के रूप में की है। जो की धुलकोट का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि सुमित ने करीब एक महीने पहले ही बसाड़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ऑपरेटर के पद पर नौकरी जॉइन की थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
नहाने के लिए तालाब में गया था युवक
दूसरी घटना अनूपपुर की है। जहां आमाडांड तालाब में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक अपने मामा के लड़के के साथ ग्राम कोदवाही से ग्राम आमाडांड स्थित रिश्तेदारी में आया हुआ था। इस दौरान सभी परिचित नहाने के लिए तालाब में गए। जहां डूबने से चंद्र चौधरी (26 वर्ष) की मौत हो गई। मृतक ग्राम दमदम, चौकी कोटमी, थाना पेंड्रा का रहने वाला था।
परिवार में पसरा मातम
हादसा अनूपपुर जिले के थाना रामनगर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमाडांड में हुआ। जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वही युवक की अचानक हुई मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।