Rewa Collectorate Reel: रीवा के कलेक्ट्रेट कार्यालय के मोहन सभागार से, एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सरकारी कार्यालयों में अनुशासन और सोशल मीडिया के उपयोग को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां प्रशासनिक बैठकों का आयोजन होता है, वहीं एक युवती द्वारा रील बनाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कलेक्ट्रेट परिसर के मोहन सभागार के अंदर एक युवती ने फिल्मी गाने पर रील बनाई। यह वही सभागार है जहां समय-समय पर अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित होती हैं।
सुरक्षा और मर्यादा पर उठे सवाल
आम जनता जहां अपनी फरियाद लेकर घंटों लाइन में खड़ी रहती है, जहां जिले के बड़े-बड़े अधिकारी गंभीर मुद्दों पर बैठकें करते हैं। उसी कलेक्ट्रेट कार्यालय से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने प्रशासनिक सुरक्षा और मर्यादा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। कलेक्ट्रेट कार्यालय के मोहन सभागार के मीटिंग हॉल के अंदर एक युवती द्वारा रील बनाई गई, युवती ने यह रील प्रिया शुक्ला नाम की इंस्टग्राम आईडी से पोस्ट किया, जो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
अधिकारी बोले होगी कार्यवाही
हालांकि युवती सभागार के अंदर कैसे पहुंची और रील कैसे बनाई इस बात का पता नहीं चल पाया है। जैसे ही यह मामला प्रशासन के संज्ञान में आया, अधिकारियों ने इसे बेहद गंभीरता से लिया है। इस पूरे मामले पर रीवा प्रशासन का साफ कहना है कि किसी भी आधिकारिक जगह का इस तरह का इस्तेमाल कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासनिक अमला अब इस बात की जांच कर रहा है कि आखिर वह युवती बिना किसी अनुमति के मीटिंग हॉल में कैसे दाखिल हुई, जांच कर जो भी आवश्यक कार्यवाही होगी वो की जाएगी।
.png)