भोपाल : मध्य प्रदेश में एक बार फिर बारिश की रफ़्तार धीमी हो गई है। जिसकी वजह से राजधानी सहित कई जगहों में उमस और गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 2 दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। तो वही 06 अगस्त के बाद एक बार फिर मानसून की गतिविधियां तेज होगी और प्रदेश में बारिश का दौर तेज होगा।
6 अगस्त से मौसम तंत्र प्रभावी होगा
मध्य प्रदेश में मानसून सीजन के दौरान फिलहाल सामान्य से 16 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है, जिससे कई क्षेत्रों में जलसंकट और खेती को लेकर चिंता बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार 6 अगस्त से प्रदेश में एक नया एक्टिव होगा। जिसकी वजह से वातावरण में नमी बढ़ेगी और कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इससे न सिर्फ बारिश की कमी कम होगी, बल्कि खेती और पेयजल व्यवस्था को भी राहत मिलने की संभावना है.
इन जिलों में होगी हल्की से मध्य बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 4 और 5 अगस्त को भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, आलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, सागर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, रीवा, सतना, उमरिया, डिंडौरी, कटनी, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, दमोह, सागर, छिंदवाड़ा, मैहर और पांढुर्णा में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बौछार पड़ सकती है।
5 अगस्त से बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून ट्रफ अभी सक्रिय है, लेकिन इसकी स्थिति कमजोर बनी हुई है। इसी वजह से अगले दो दिनों तक तेज बारिश का दौर थमा रहेगा। हालांकि 5 अगस्त से बंगाल की खाड़ी और अन्य मौसमीय प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में फिर से बारिश की गतिविधियां बढ़ेगी और भारी बारिश का दौर शुरू होगा।