रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में विकसित भारत जी-राम-जी जनजागरण अभियान को लेकर प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद अरुण सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। प्रेजेंटेशन के जरिए विकसित भारत VB जी-राम-जी योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए अरुण सिंह ने कहा कि यह अधिनियम देश के गांवों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी पहल है।
ग्रामीण भारत को मजबूत करने की नई गारंटी:
अरुण सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लाया गया विकसित भारत जी-राम-जी अधिनियम 2025, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने वाला कानून है। यह योजना किसानों, मजदूरों और गरीब परिवारों को प्राथमिकता देती है और आत्मनिर्भर गांव की नींव रखती है।
125 दिनों के रोजगार की कानूनी गारंटी:
उन्होंने कहा कि VB जी-राम-जी अधिनियम, मनरेगा का उन्नत और अधिक प्रभावी संस्करण है। पहले मनरेगा में 100 दिन का रोजगार मिलता था। अब प्रत्येक ग्रामीण परिवार को 125 दिन का सुनिश्चित रोजगार मिलेगा। 7 दिनों के भीतर मजदूरी भुगतान की कानूनी व्यवस्था, बुआई और कटाई के समय 60 दिनों तक कार्य रोकने का प्रावधान है, इससे किसानों और मजदूरों दोनों को सीधा लाभ मिलेगा।
चार प्रमुख क्षेत्रों पर फोकस:
इस योजना के अंतर्गत जल सुरक्षा, ग्रामीण अधोसंरचना, आपदा सुरक्षा और आजीविका संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन और कौशल विकास के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी रोजगार सृजन किया जाएगा।
रोजगार सर्वोच्च प्राथमिकता-किरण देव:
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि यह योजना प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में मजबूत कदम है। उन्होंने कांग्रेस शासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि मनरेगा के नाम पर घोटाले हुए और मजदूरों को समय पर भुगतान नहीं मिला।
राष्ट्र निर्माण की सीढ़ी है यह योजना-अजय जम्वाल:
भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि अच्छी योजनाएं राष्ट्र निर्माण की नींव होती हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इस योजना को हर ग्राम पंचायत तक पहुँचाया जाए और जन-जागरूकता लाई जाए।
विकसित गांव से विकसित भारत-रामविचार नेताम:
प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि यह योजना 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि राजनीतिक कारणों से इस ऐतिहासिक योजना का विरोध किया जा रहा है।
कांग्रेस फैला रही भ्रम-यशवंत जैन:
प्रदेश संयोजक यशवंत जैन ने कहा कि कांग्रेस इस योजना को लेकर जनता में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने बताया कि 13 से 25 जनवरी तक जिला स्तरीय कार्यशालाएं लगेगी, वहीं 10 से 28 फरवरी तक ग्राम पंचायतों में चौपाल कार्यक्रम होगा, और साथ ही आयोजित कर जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। विकसित भारत जी-राम-जी जनजागरण अभियान ग्रामीण भारत को सशक्त, आत्मनिर्भर और रोजगारयुक्त बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम है। भाजपा इसे जन-जन तक पहुँचाने के लिए व्यापक अभियान चला रही है।