भोपाल। राजधानी भोपाल की सेंट्रल जेल में बंद एक कैदी की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान हर्षित राजपूत के रूप में हुई है। उसकी मौत के बाद परिजनों ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।
2 महीने से बिगड़ रही थी तबीयत
परिवार के मुताबिक, हर्षित की तबीयत पिछले करीब दो महीने से खराब चल रही थी। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने कई बार जेल प्रशासन से उसके इलाज के लिए आवेदन किया, लेकिन समय रहते उचित उपचार की व्यवस्था नहीं की गई।
हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान कैदी ने तोड़ा दम
बताया जा रहा है कि जब हर्षित की हालत अधिक बिगड़ गई, तब उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मारपीट के मामले में तीन महीने पहले गया था जेल
जानकारी के अनुसार, मारपीट से जुड़े एक मामले में हर्षित करीब तीन महीने पहले जेल गया था। उसकी मौत के बाद परिवार ने पूरे मामले की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग उठाई है। फिलहाल मामले में परिजनों के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।