T20 World Cup के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। इस जीत के साथ ही देशभर में खुशी की लहर दौड़ गई।
रायपुर के जयस्तंभ चौक पर उमड़ा जनसैलाब
भारत की जीत के बाद राजधानी रायपुर के जयस्तंभ चौक पर क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ जुट गई। फैंस ने तिरंगा लहराते हुए जमकर आतिशबाजी की और आकाशदीप उड़ाकर खुशी का इजहार किया। “भारत माता की जय” और “सबसे आगे हिंदुस्तानी” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
बिलासपुर में केक काटकर मनाया जश्न
भारत की इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाने के लिए लोग सड़कों पर निकल आए। बिलासपुर में दोस्तों और परिवार के लोगों ने एक साथ केक काटकर टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में उत्साह देखने को मिला।
नेताओं ने भी दी बधाई
टीम इंडिया की शानदार जीत पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर खिलाड़ियों को बधाई दी और फाइनल के लिए शुभकामनाएं दीं।
बीजापुर में बड़ी स्क्रीन पर देखा गया मुकाबला
बीजापुर में भी क्रिकेट प्रेमियों ने बड़े स्क्रीन पर सेमीफाइनल मैच का आनंद लिया। भारत की जीत होते ही लोग घरों से बाहर निकल आए और एक-दूसरे को बधाई देने लगे। कई जगहों पर युवाओं ने तिरंगा लहराया, पटाखे फोड़े और भारत माता के जयकारों के साथ जीत का जश्न मनाया।