Mahavir Jayanti Holiday : मध्यप्रदेश में महावीर जयंती के सरकारी अवकाश को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। राज्य सरकार इस विषय पर मंथन कर रही है और मुख्य सचिव कार्यालय कई पक्षों से फीडबैक जुटा रहा है। फिलहाल घोषित अवकाश 31 मार्च को है, लेकिन इसे बदलकर 30 मार्च करने की मांग ने जोर पकड़ लिया है।
तरीख में संसोधन की मांग
दरअसल, जैन समाज की धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस वर्ष भगवान महावीर का जन्म कल्याणक 30 मार्च को मनाया जाएगा। इसी आधार पर कई जनप्रतिनिधियों ने अवकाश की तारीख में संशोधन की बात उठाई है। जबलपुर हाईकोर्ट ने भी अपने स्तर पर 30 मार्च को अवकाश घोषित कर इस बहस को और तेज कर दिया है।
विधायकों ने लिखा पत्र
इस मुद्दे पर सत्ता और विपक्ष दोनों के विधायक सक्रिय नजर आ रहे हैं। पृथ्वीपुर से कांग्रेस विधायक नितेंद्र बृजेंद्र सिंह राठौर ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर 30 मार्च को शासकीय अवकाश घोषित करने का अनुरोध किया है। उन्होंने तर्क दिया कि वर्तमान में घोषित 31 मार्च की छुट्टी धार्मिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है।
भाजपा विधायक की मांग
वहीं सागर जिले की बंडा विधानसभा से बीजेपी विधायक वीरेंद्र सिंह लम्बरदार ने भी इसी मांग को दोहराते हुए सरकार से आंशिक संशोधन करने की अपील की है। उनका कहना है कि पंचांग और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार 30 मार्च को ही महावीर जयंती मनाई जाएगी, ऐसे में उसी दिन अवकाश होना चाहिए। हालांकि, सरकार के पास कुछ ऐसे सुझाव भी पहुंचे हैं, जिनमें मौजूदा 31 मार्च की छुट्टी को यथावत रखने की बात कही गई है। ऐसे में अंतिम निर्णय को लेकर स्थिति अभी भी असमंजस में है।