अनूपपुर : मध्य प्रदेश के अनूपपुर में दोस्ती की अनोखी मिसाल देखने को मिली। जहां एक दोस्त को बचाने के चक्कर में दूसरे दोस्त ने अपनी जान दे दी। घटना बुधवार देर शाम की है। जब 3 दोस्त पोड़की जलाशय घूमने के लिए थे। तभी वो हादसे का शिकार हो गए। घटना अमरकंटक क्षेत्र के विश्वविद्यालय के नजदीक ग्राम भमरिया क्षेत्र की है।
पुलिस ने की मृतक की पहचान
पुलिस ने मृतक की पहचान आर्यन कुमार (21) पिता सनोज कुमार, निवासी गया (बिहार) के रूप में की है। जो विश्वविद्यालय में पर्यटन प्रबंधन स्नातक (बीबीए टूरिज्म) द्वितीय वर्ष का छात्र था और छात्रावास आवंटन की प्रक्रिया के लिए अमरकंटक आया हुआ था।
दोस्त को बचाने के चक्कर में गई जान
बताया जा रहा है कि आर्यन अपने दो दोस्तों के साथ पोड़की जलाशय घूमने गया था। इसी दौरान उसका साथी उदित राज जलाशय किनारे पानी की गहराई का अंदाजा लगाने के लिए गड्ढे में पैर डाल रहा था। अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। तैरना नहीं आने के कारण वह डूबने लगा। ऐसे में आर्यन अपने दोस्त को बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। इस हादसे में दोस्त तो बच गया लेकिन आर्यन की डूबने से मौत हो गई।
3 घंटे के बाद शव किया गया रेस्क्यू
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची और 3 घंटे की तलाश के बाद शव को पानी से बाहर निकाला गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।